पति के काम पर जाने के बाद महिला ने लगाया फंदा, देवर ने स्कूल से आकर देखा
नोएडा से परिवार आया और बयान दर्ज कराने के बाद साहनेवाल पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। गुस्से में आकर दो महीने की बच्ची के गाल पर थप्पड़ मारने के बाद पति द्वारा डांटने पर साहनेवाल के सतगुरु नगर इलाके में रहने वाली विवाहिता अर्चना (26) ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब अर्चना का देवर स्कूल से वापस आया और अर्चना को बुलाने के लिए कमरे में गया।
अंदर शव लटकता देख उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाया और तुरंत इसकी जानकारी अपने भाई सन्नी को दी। आसपास के लोगों ने लटक रही अर्चना को नीचे उतारा तो उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने के बाद थाना साहनेवाल की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार की सुबह नोएडा से अर्चना के परिवार वाले पहुंचे, जहां पुलिस द्वारा उनके बयान दर्ज करने के बाद 174 के तहत कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराया गया।
थाना साहनेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह बोपाराय ने बताया कि अर्चना की शादी करीब सवा साल पहले सन्नी के साथ हुई थी। सन्नी इलाके में ही मोबाइल रिपेयर की दुकान चलाता है। अर्चना के मायके नोएडा में हैं। उसकी दो महीने की एक बेटी भी है। सोमवार को वह किसी बात को लेकर गुस्से में थी और ऊपर से बच्ची रो रही थी। उसने गुस्से में बच्ची के गाल पर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद सन्नी ने अर्चना को डांट लगा दी और वह खाना खाने के बाद अपनी दुकान पर चला गया। पीछे से पति की डांट से गुस्साई अर्चना ने कमरे में जाकर फंदा लगाकर जान दे दी। काफी समय तक कोई कमरे में नहीं आया, सभी ने सोचा कि अर्चना सो रही है। दोपहर को जब उसका देवर स्कूल से घर आया तो वह अर्चना को बुलाने के लिए चला गया। तो पता चला कि अर्चना ने आत्महत्या कर ली है। इंस्पेक्टर इंद्रजीत ने बताया कि परिवार वालों के बयान दर्ज करने के बाद कार्रवाई की गई है।