हलवारा। हल जोतने वाले देसी बैल से भरा उत्तर प्रदेश का एक ट्रक बुधवार सुबह बेकाबू होकर बिजली बोर्ड उपमंडल सुधार दफ्तर में जा घुसा। इसके बाद चालक ट्रक के तमाम दस्तावेज लेकर फरार हो गया। हालांकि ट्रक की चाबी लगी हुई थी, लेकिन उसका गियर तोड़ दिया गया था, ताकि कोई ट्रक को चलाकर ले जा न सके।
ट्रक में 50 के करीब बैल मिलने से यह खबर जंगल की आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में गौ रक्षक मौके पर पहुंच गए। जानवरों को ट्रक में बुरी तरह भरा हुआ था और उनकी हालत बेहद खराब लग रही थी। ड्यूटी पर पहुंचे बिजली बोर्ड के जेई अमरजीत सिंह ने सुबह 9 बजे के करीब थाना सुधार की पुलिस को सूचित किया, थाना प्रभारी जसवीर सिंह बुट्टर ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने बताया कि ट्रक किसी उस्मान खान के नाम पर है। ट्रक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद आरटीओ में पंजीकृत है। पशु क्रूरता से बचाव एक्ट के अधीन मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी बैल को राधे कृष्ण गोविंद गोधाम के सुपुर्द किया जा रहा है। ट्रक बठिंडा की तरफ से लुधियाना को जा रहा था। इलाके के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। ट्रक के आगे पीछे ईंट पत्थर लगने के निशान हैं और किसी बड़े पत्थर के लगने से ट्रक का सामने का शीशा भी टूटा हुआ है। पूरी संभावना है कि कोई इस ट्रक का पीछा भी कर रहा था।
ट्रक को रोकने के लिए उस पर ईंट पत्थर मारे गए। राधे कृष्ण गोविंद गोधाम सुधार बाजार द्वारा गोशाला में जानवरों के डॉक्टर की टीम बुलाकर सभी बैल का मेडिकल चेकअप करवाया गया। गोशाला के प्रबंधक किरनदीप वर्मा और राकेश कुमार ने बताया कि पंजाब गो सेवा कमीशन के चेयरमैन सचिन शर्मा ने इस बाबत पुलिस के उच्चाधिकारियों से बात कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सुधार बाजार गोशाला को भी हर मदद का आश्वासन देने के साथ यह भी कहा है कि अगर जगह की कमी होगी तो वे इन बैलों को लुधियाना कैटल टाउन भिजवा देंगे।