लुधियाना में एक मामा ने अपनी भांजी के साथ गंदी हरकत की है। डरी सहमी बच्ची ने स्कूल शिक्षिका को पूरी बात बताई, जिसके बाद आरोपी मामा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पंजाब के लुधियाना में एक व्यक्ति ने मामा भांजी के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया। कंस मामा ने बेटी सामान अपनी नाबालिग भांजी के साथ गंदी हरकत की है। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची ने किसी को आरोपी मामा की हरकतों के बारे में बताने के बजाए स्कूल की महिला टीचर को बताया। स्कूल टीचर की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने आरोपी मामा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आरोपी की तलाश में छापामारी की जा रही है।
विज्ञापन
स्कूल टीचर ने बताया कि बच्ची निजी स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा है और वह उसी क्लास को पढ़ाती है। उसकी क्लास की एक छात्रा बहुत डरी सहमी सी क्लास में बैठी थी। उसने उससे अकेले में बात की तो लड़की ने बताया कि उसके मामा की उस पर बुरी नजर है। वह अपने मामा के साथ रहती है। मामा ही उसका पालन पोषण करते हैं।
बच्ची ने बताया कि एक अगस्त को जब वह अपने कमरे में सो रही थी तो आरोपी मामा जसवीर सिंह उसके कमरे में आया और उसके साथ शारीरिक छेड़छाड़ करने लगा। बच्ची की आंख खुली तो उसने मामा की हरकतों का विरोध किया। आरोपी ने उसे धमकाया और चाय बनाने को कहा।
विज्ञापन
नाबालिग के मुताबिक वह अपने मामा से मानसिक रूप से परेशान है। इस मामले की जांच एएसआई प्रताप सिंह कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 74 बीएनएस 8 पॉक्सो एक्ट 2012 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।