संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। पिछले तीन दिन से जारी भारी बारिश के चलते सभी स्कूल बंद चल रहे हैं ताकि कोई अनहोनी न हो। दूसरी ओर जिले के दूरदराज व पहाड़ी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों की इमारतों को कोई नुकसान तो नहीं पहुंचा है इस पर शिक्षा विभाग के अधिकारी नजर बनाए हुए हैं। मौसम साफ होते ही स्कूलों की इमारतों की सुरक्षा जांच की जाएगी।
हालांकि मौजूदा समय में जिले से ऐसी कोई खबर नहीं है कि जिसमें बारिश के चलते किसी स्कूल को नुकसान पहुंचा हो। शिक्षा विभाग की ओर से बारिश के बंद होते ही जिले के भी सरकारी स्कूलों की इमारतों की सुरक्षा जांच करवाई जाएगी। विभाग की ओर से इसके लिए टीमों का गठन किया गया है। इस संदर्भ में डिप्टी सीईओ कल्पना जसरोटिया का कहना था कि विभाग की ओर से स्कूलों की सुरक्षा जांच का मकसद इतना ही है कि अगर किसी स्कूल की इमारत असुरक्षित है तो उस स्कूल में बच्चों को नहीं बिठाया जाए।
उन्होंने कहा कि जांच करने के बाद अगर किसी भी स्कूल की इमारत असुरक्षित मिलती है तो उसे डिस्मेंटल कर नई इमारत बनाई जाएगी। फिलहाल जिस तरह से मौसम बना हुआ है उसके चलते सभी स्कूलों को पिछले तीन दिन से बंद रखा गया है ताकि बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।