वारदात के बाद लुटेरों को दो महिलाओं ने दी छिपने की जगह व खाने-पीने का किया इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। गांव लम्मे में पीएनबी के एटीएम को लूटने वाले नकाबपोश लुटेरे वारदात के बाद दो महिलाओं के पास जा रुके थे। इतना ही नहीं लुटेरों के रहने से लेकर खाने-पीने तक का पूरा इंतजाम भी उन्होंने किया था। इस संबंधी सुराग मिलते ही पुलिस ने दोनों महिलाओं को भी मामले में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी महिलाओं की पहचान हरप्रीत कौर उर्फ हनी निवासी 4 डीडी पदमपुर गंगानगर, हाल वासी नजदीक मान पैलेस बड़ी हैबोवाल लुधियाना व वीरपाल कौर उर्फ ज्योति निवासी निराहा रोड मोगा हाल वासी कृष्णा नगर नजदीक मानस अस्पताल लुधियाना के रूप में हुई है। सूत्रों के मुताबिक हरप्रीत कौर और वीरपाल कौर दोनों सहेलियां हैं। दोनों मिलकर एक स्पा सेंटर चलाती हैं। इसके अलावा हरप्रीत कौर वारदात में शामिल एक लुटेरे की रिश्ते में बहन लगती है जबकि वीरपाल एक लुटेरे की रिश्तेदार बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार एटीएम लूटने के बाद लुटेरे रुपये लेकर सीधे इन महिलाओं के पास गए थे। दोनों महिलाओं ने लुटेरों की छिपने में मदद करने के साथ-साथ उन्हें रहने के लिए जगह व खाने-पीने का पूरा इंतजाम करके दिया था। इस संबंधी पता चलते ही पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
चारों आरोपियों की हुई पहचान
एटीएम लूट मामले में फरार चल रहे आरोपियों की पहचान हो गई है जिनको पुलिस पकड़ने के लिये लगातार दबिश दे रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों में राजविंदर सिंह निवासी बल्लूआना मनप्रीत सिंह निवासी मोगा संदीप सिंह व हरविंदर सिंह निवासी सराभा के नाम शामिल हैं। पुलिस को यकीन है कि फरार चारों आरोपियों का ठिकाना दोनों आरोपी महिलाओं को पता है। अब पुलिस दोनों महिलाओं को अदालत में पेश कर रिमांड लेकर पूछताछ करेगी।
150 के करीब खंगाले कैमरे से मिले सुराग
एटीएम लुटने के दौरान नकाबपोश लुटेरों ने एटीएम के आस पास व एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे मार दी थी। ताकि उनकी पहचान ना हो सके। लेकिन वारदात से पहले लुटेरों ने दो दिन एटीएम को लेकर रैकी की थी। जिसके बाद पुलिस ने सोमवार से लेकर वारदात वाले दिन के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिये। इस दौरान पुलिस को एक शकी बुलेट मोटरसाइकिल का नंबर मिल गया। जिसको अधार बना कर पुलिस बुलेट मोटरसाइकिल वाले की तलाश में जुट गई। सूत्रों की माने तो पुलिस ने बुलेट सवार व्यक्ति के घर पर रेड भी की थी। लेकिन आरोपी घर से फरार चल रहा है। जिसके बाद पुलिस ने एक के बाद एक 150 के करीब कैमरों को चेक करते हुए सुराग मिले कि लुटेरे वारदात के बाद इन महिलाओं के पास आकर रुके थे। जिसके बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं को मामले में नामजद कर गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस दोनों महिलाओं से लुटेरों को लेकर गहराई से पूछताछ करने में जुटी हुई है। इस मामले को लेकर जब थाना हठूर की पुलिस से पूछा गया। तो पुलिस कहा कि जल्द ही मामले में खुलासा किया जाएगा।
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
एक सप्ताह पहले मंगलवार को देर रात को एटीएम लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरों ने मंगलवार की शाम को पहले पूरे गांव समेत एटीएम सबंधी रैकी की थी। इस सबंधी गांव के लोगो ने से एटीएम को लेकर पूछताछ कर रहे थे। इतना ही नही गांव में और कही एटीएम लगा है या नही पूरी जानकारी लेने के बाद बुलेट सवार गांव के रास्ते देखते हुए निकल गए। लेकिन रात को फिर तैयारी के साथ आए नकाबपोश लुटेरों ने गैस कटर के साथ पहले शटर को काटा फिर एटीएम को काट कर 17 लाख 14 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए थे।