संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। दो पहिया वाहनों चुराने व नशा तस्करी के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने आरोपियों को जस्सियां रोड पानी वाली टंकी के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपियों से पुलिस ने दस ग्राम हेरोइन व चोरी की पांच एक्टिवा बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने संदीप सिंह और उसके भाई रवि कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
एडीसीपी वन समीर वर्मा ने बताया कि सलेम टाबरी पुलिस ने जस्सियां रोड अशोक नगर के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी एक्टिवा पर वहां से गुजर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे दस ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस पूछताछ में पता चला कि उक्त एक्टिवा भी चोरी की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चार और एक्टिवा बरामद कीं। आरोपी नशे के आदी हैं। नशापूर्ति के लिए ही आरोपी चोरी करते थे। साथ ही नशा तस्करी भी कर रहे थे।