लुधियाना की केंद्रीय जेल में बंद गैंगस्टर की तरफ से की गई हुक्का पार्टी के मामले में तीन जेल अधिकारियों पर गाज गिरी है। जेल में तैनात रहे तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया है। इस मामले की जांच जेल मंत्री ने एडीजीपी जेल को सौंपी थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया है, जबकि एक अधिकारी का ट्रांसफर किया गया है।
इस मामले में निलंबित अधिकारियों की लापरवाही साफ दिखी। आखिरकार जेल में बंद गैंगस्टर के पास हुक्का समेत पार्टी का अन्य सामान कैसे पहुंचा। गौरतलब है कि 16 मई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इसमें एक गैंगस्टर अपने कुछ साथियों के साथ जेल की बैरक के अंदर हुक्का पार्टी कर रहा था। यही नहीं बैरक के अंदर टीवी भी चल रहा था, जिस पर पंजाबी गाने चल रहे थे।
मामले की जांच करने पर पता चला कि यह वीडियो लुधियाना की केंद्रीय जेल में बंद गैंगस्टर निक्का जटाणा और उसके साथियों का है। पंजाब जेल मंत्री ने तुरंत इस मामले की जांच का आदेश एडीजीपी जेल प्रवीण कुमार सिन्हा को दिया। इस मामले की जांच करने के लिए डीआईजी जेल सुरिंदर सिंह लुधियाना पहुंचे थे।
उन्होंने इस मामले की पूरी जांच कर रिपोर्ट एडीजीपी जेल को सौंपी थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर सहायक जेल अधीक्षक अब्दुल हमीद, वार्डन रुपिदंर सिंह, हेड वार्डन हरपाल सिंह को निलंबित किया गया है, जबकि सहायक सुपरिंटेंडेंट तरसेम पाल को ट्रांसफर किया गया है। जेल सुपरिंटेंडेंट बलकार सिंह ने बताया कि इस पूरे मामले में इन अधिकारियों की लापरवाही साफ मिली थी। आला अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट के आधार पर इन्हें निलंबित किया है।