फतेहगढ़ साहिब। मंडी गोबिंदगढ़ के कुक्कड़ माजरा-जस्सड़ा रोड पर स्थित एक लोहा कारोबारी के कारिंदे की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर 8.9 लाख रुपये नकदी लूटने वाले तीन लुटेरे फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने काबू कर लिए हैं। इनकी पहचान जगमेल सिंह (30) उर्फ बब्बू निवासी गांव अकौत, बिक्रमजीत सिंह (26) उर्फ गोगी निवासी गांव असमानपुर तथा अमरीक सिंह (28) निवासी गांव बहल, थाना सदर सभी निवासी जिला पटियाला के तौर पर हुई है।
27 जून की सुबह इन्होंने इस घटना को अंजाम दिया था। इस संबंधी फतेहगढ़ साहिब में डीआईजी रूपनगर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने प्रेस को बताया कि मंडी गोबिंदगढ़ की युवराज इम्पेक्स की फर्म के दफ्तर में तीनों बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था। इसमें कार्यरत कर्मचारी परमिंदर सिंह की आंखों में मिर्च डालकर जान से मारने की नीयत से उसके पेट में गोली मारी थी। इस घटना संबंधी एसएसपी फतेहगढ़ साहिब डॉ. रवजोत गरेवाल की अगुवाई में रेंज एंटी नारकोटिक्स कम-स्पेशल आपरेशन सेल कैंप मोहाली के एसआई हरमिंदर सिंह की टीम ने तीनों दोषियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, लूटे गए 8 लाख 90 हजार रुपये, घटना में प्रयोग किया रिवॉल्वर सहित 8 कारतूस बरामद किए हैं।
डीआईजी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद जिला फतेहगढ़ साहिब और रेंज एटी नारकोटिक-कम-स्पेशल ऑपरेशन सेल कैंप मोहाली की टीमों को मौके पर भेजा गया। स्पेशल ऑपरेशन सेल की टीम ने जांच करते हुए 12-13 जुलाई की मध्यरात्रि को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसे अमलोह अदालत में पेश किया जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि आरोपी अमरीक सिंह को इस फर्म के बारे में जानकारी थी कि लोहे के धंधे से पैसे का लेन-देन होता है।
आखिर क्या है मामला
मंडी गोबिंदगढ़ के कुक्कड़ माजरा/प्रीत नगर इलाके स्थित गत 27 जून को लोहा कारोबारी के कारिंदे की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर 8.90 लाख रुपये लूट लिए गए थे। लुटेरों ने जाते समय परमिंदर सिंह के पेट में गोली मार दी थी। लुटेरों की संख्या तीन थी जोकि मोटरसाइकल पर आए थे। इस घटना में घायल हुए व्यक्ति की पहचान परमिंदर सिंह मोंटू निवासी सरहिंद बाड़ा फतेहगढ़ साहिब के तौर पर हुई थी।