लुधियाना। 25 लाख की लाटरी का झांसा दे व्यक्ति को विश्वास में लेकर और जीएसटी भरने के नाम पर उससे तीन लाख साठ हजार रुपये की ठगी मार ली। आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास में लेकर उससे अलग-अलग खातों में पैसे जमा करवा लिए और बाद में बात करनी बंद कर दी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों को की।
मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर थाना सदर की पुलिस ने गिल रोड स्थित स्टार कालोनी निवासी जगदीश प्रीत सिंह की शिकायत पर बिहार के गांव भोदीहारी निवासी सुदाम हुसैन अंसारी, जालंधर के गांव जंडियाला निवासी लवप्रीत सिंह, बिहार के निवका मीसरा निवासी नुसाद अंसारी, बिहार के मुज्जफ्फर नगर स्थित पुराना बाजार निवासी राजू बेटा और गांव लदड़ा निवासी सुखजिंदर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
जगदीश प्रीत द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उसे कुछ समय पहले फोन आया था कि उसकी 25 लाख रुपये की लाटरी लगी है। उसके बाद आरोपी ने उसे विश्वास में लेकर उसके सारे कागजात मंगवा लिए। आरोपियों ने जगदीश प्रीत को जीएसटी के पैसे भरने के बाद बाकी के पैसे उसके खाते में जमा करवाने की बात कही। आरोपियों के बताए खाते में जगदीश प्रीत ने पैसे जमा करवा दिए। आरोपियों के अलग-अलग खाते में अलग-अलग तारीख पर तीन लाख साठ हजार रुपये जमा करवा दिए, जिसके बाद आरोपियों ने फोन उठाना भी बंद कर दिया और जगदीश प्रीत को कोई जवाब नहीं दिया। जब जगदीश प्रीत को ठगी का पता चला तो उसने इसकी शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों को की। इसके बाद जांच की गई तो आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया गया। जांच अधिकारी एएसआई रविंदर कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो गई है, जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी हो जाएगी।