लुधियाना। डाबा के बसंत नगर इलाके में सोमवार की सुबह उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब अज्ञात आरोपियों द्वारा पवित्र ग्रंथ श्री गुटका साहिब की बेअदबी करने का मामला सामने आया। इलाके के लोग इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। बेअबदी की सूचना मिलते ही ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर रवचरण सिंह बराड़ सहित टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि घटना रविवार शाम की थी। इलाके के लोगों ने श्री गुटका साहिब के अंग वहां से उठाए और पुलिस को सूचना दी। थाना डाबा की पुलिस ने इस मामले में सुखदीप सिंह की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना डाबा के एसएचओ सब इंस्पेक्टर दविंदर शर्मा ने बताया कि बंसत नगर इलाके में रेड़ूसाहिब गुरुद्वारा है। रविवार की शाम को गुरुद्वारा साहिब के पास किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा श्री गुटका साहिब के अंग फाड़ कर फेंक दिए गए। इसके बाद इलाके के लोगों ने बेअदबी देखी तो पवित्र ग्रंथ के अंगों संबंधी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को बताया, जिस पर लोगों ने सम्मान के साथ अंग इकट्ठा किए और गुरुद्वारा साहिब में रखवाए। शिकायत मिलने पर सोमवार सुबह पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है।