लुधियाना। लुधियाना रेलवे स्टेशन पर झपटमार गिरोह ने शुक्रवार को एक यात्री को शिकार बनाया। लुटेरों ने छीनाझपटी के बाद यात्री को चलती ट्रेन से फेंक दिया। उसे गिरता देख साथियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोकी और लहूलुहान हालत में पटरी से उठाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया।
पीड़ित की पहचान जतिंदर कुमार (25) के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ कटिहार एक्सप्रेस में बिहार से फगवाड़ा जा रहा था। ट्रेन के लुधियाना स्टेशन से रवाना होते ही वह पानी भरने के लिए अपनी सीट से उठकर शौचालय के पास चला गया। वहां पर पहले से मौजूद दो बदमाशों ने उसका मोबाइल और 2300 रुपये छीन लिए।
इसके बाद उसे चलती ट्रेन से धक्का देकर बाहर गिरा दिया। ट्रेन से बाहर गिरते ही वह बेसुध हो गया। हालांकि उसके साथियों ने उसे ट्रेन से गिरते हुए देख लिया था। ट्रेन रुकने के बाद एस्कार्ट टीम ने सड़क पर जाकर एक ऑटो को रुकवाया और उसमें पीड़ित को सिविल अस्पताल ले गए।