हत्या करने के बाद युवक के शव को घर में गड्ढा खोदकर दफनाया, बदबू आने के बाद हुआ खुलासा
पुलिस ने दो आरोपी युवकों को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। जिले के गांव चाउके में 21 वर्षीय युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाते हुए थाना रामपुरा सदर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। 21 वर्षीय युवक के हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका अपना दोस्त ही निकला, जिसे शक था कि उसकी वजह से उसने किसी दूसरे दोस्त से रिश्ता तोड़ लिया है। महज इतनी सी बात को लेकर कथित आरोपी ने न सिर्फ युवक की हत्या कर दी, बल्कि शव को अपने मवेशी घर में गड्ढा खोदकर दबा दिया।
घटना की जांच के बाद पुलिस ने कथित हत्यारे दोस्त और उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि मृतक युवक अर्शदीप सिंह बीती 17 जनवरी की शाम को अचानक लापता हो गया था। कुछ लोगों ने उसे एक युवक के पीछे मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा था, लेकिन उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। उसका फोन भी बंद आ रहा था। घटना की जानकारी पुलिस को भी मिली और मामले की जांच के बाद जो कहानी सामने आई वह काफी परेशान करने वाली बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक अर्शदीप का हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका ही दोस्त गुरभिंदर उर्फ गोल्डी था, जिसने अपने दूसरे साथी बलजीत उर्फ प्रभु के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के कारणों की बात करें तो यह एक छोटी सी बात बताई जा रही है, जिसके पीछे एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अर्शदीप और गोल्डी का एक और मित्र था, जो कुछ महीने पहले बाहर चला गया था। किसी कारणवश उसने गोल्डी से अपनी दोस्ती तोड़ दी थी और गोल्डी ने इसके लिए अर्श को जिम्मेदार ठहराया था। इसके चलते उसने पहले से ही उसे मारने की योजना बना ली थी।
हालांकि पहले कथित हत्यारे ने पुलिस के सामने दावा किया था कि मृतक उसकी एक रिश्तेदार बहन के साथ छेड़छाड़ करता था, लेकिन पुलिस जांच में यह कहानी भी झूठी निकली। घटना वाले दिन पहले से बनी योजना के मुताबिक आरोपी गोल्डी व अर्श को अपनी मोटरसाइकिल से गांव में चल रहे एक टूर्नामेंट मेले में ले गया, जहां इसी मेले के सामने अपने चचेरे भाई की वर्कशॉप में मोटरसाइकिल खड़ी करने के बहाने वह अर्श को वर्कशाॅप के अंदर ले गया। इसी बीच उन्होंने बलजीत उर्फ प्रभु को मौके पर बुलाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने वर्कशॉप का गेट बंद कर दिया और उसे बांध कर पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी बलजीत उर्फ प्रभु वापस चला गया और बाद में गोल्डी ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी और कुछ देर बाद मोटरसाइकिल रेहड़ी पर शव को पीछे रखकर वह रात के अंधेरे में शव को अपने घर में ले गया, जहां एक खाली कमरे में पहले से ही गड्ढा खोदा हुआ था। शव को इस गड्ढे में फेंककर बंद कर दिया गया, लेकिन कुछ दिनों बाद गड्ढे से बदबू आने लगी, तो इस घटना से पर्दा उठना शुरू हो गया। थाना सदर रामपुरा के प्रभारी गुरदीप सिंह ने बताया कि आरोपी गुरभिंदर उर्फ गोल्डी व बलजीत उर्फ प्रभु को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस रिमांड हासिल कर उनसे गंभीरता से पूछताछ की जा रही है।