लुधियाना। विधानसभा उत्तरी के कांग्रेसी विधायक राकेश पांडे के बेटे को सरकारी नौकरी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भूख हड़ताल पर बैठे लोक इंसाफ पार्टी के सीनियर नेता रणधीर सिंह सीबिया साथियों के साथ रविवार को राकेश पांडे की कोठी का घेराव करने के लिए पहुंचे। हालांकि राकेश पांडे घर पर नहीं थे। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने पांडे की कोठी के बाहर अपनी डिग्रियां जलाईं और प्रदर्शन किया।
लोक इंसाफ पार्टी के नेता रणधीर सिंह सीबिया ने बताया कि कैप्टन सरकार ने सत्ता में आने से पहले युवाओं से वादा किया था कि हर घर नौकरी दी जाएगी। मगर सरकार ने सिर्फ अपने चहेते विधायकों को साथ रखने के लिए नौकरी दी है। उन्होंने कहा कि फतेहजंग सिंह बाजवा के बेटे ने नौकरी तो छोड़ दी, लेकिन पांडे अपना पुत्र मोह नहीं छोड़ रहे है। वह विधायक राकेश पांडे के बेटे की नौकरी वापस करवाकर ही रहेंगे। इस दौरान एक महिला ने चेतावनी दी कि अगर पांडे के बेटे ने नौकरी वापस नहीं की तो वह आत्महत्या कर लेगी।