चोरी के बाद खुद ही मचाया शोर और पुलिस में दी थी शिकायत, गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। दुगरी के अर्बन स्टेट स्थित एमआईजी फ्लैट में अखबार सप्लाई करने वाले दीप सिंह नारंग के घर से पांच लाख रुपये की नकदी और तीस तोले सोने के जेवरात उनकी बहु ने ही चोरी किए थे। आरोपी ने कर्ज उतारने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। वह इतनी शातिर थी कि उसने 15 मिनट में वारदात को अंजाम दिया और सामान समेटने के बाद सोने का ड्रामा करने लगी। जब उसकी सास मधु अंदर आई तो उसके बताने पर खुद ही शोर मचाना शुरू दिया।
आरोपी महिला खुद ही पुलिस को सूचना दी और शिकायत देने के लिए थाने पहुंच गई। आरोपी वंदना नारंग ऐसे करती रही कि जैसे उसने कुछ किया ही नहीं। थाना दुगरी पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो सारा मामला खुल कर सामने आ गया। पुलिस ने आरोपी वंदना से नकदी के साथ साथ तीस तोले सोने के जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर जसकिरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि वारदात की सूचना मिलने के बाद थाना दुगरी प्रभारी मधु बाला ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई सबूत नहीं मिला। इसके बाद घर के सभी सदस्यों से पूछताछ की गई तो पुलिस का शक वंदना पर गया। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने सारी सच्चाई उगल दी।
सास के साथ रहती थी अनबन
वंदना ने पुलिस को बताया कि उसने कुछ लोगों से कर्ज लिया था। वह कर्ज उतार नहीं पा रही थी। घर में जेवरात भी पड़े थे और पैसे भी थे। उसकी सास के साथ बनती भी नहीं थी। जिस कारण उसने ससुर और देवर के काम पर जाने के बाद जब उसकी सास सैर करने के लिए गई तो उसने चोरी की योजना बनाई। उसने अंदर से पैसे और जेवरात चोरी किए और उसके बाद खुद ही पार्क की तरफ वाला गेट खोल दिया ताकि ऐसा लगे कि कोई पार्क की तरफ से आया था।