संगरूर। धूरी शुगर मिल से करोड़ों रुपये के गन्ने की अदायगी के लिए मुख्यमंत्री के स्थानीय दफ्तर में गन्ना काश्तकारों की तरफ से अध्यक्ष हरजीत सिंह बुगरा के नेतृत्व में लगाया गया धरना जारी है। पिछले तीन दिन से मुख्यमंत्री दफ्तर की पानी वाली टंकी पर चढ़े तीन गन्ना काश्तकारों में से अमृत सिंह कातरों की दोपहर के समय गर्मी के कारण हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए पुलिस ने सिविल अस्पताल धूरी में भर्ती करवाया।
इस मौके पर संबोधित करते हुए हरजीत सिंह बुगरा ने कहा कि गन्ना काश्तकारों की त्रासदी है कि पिछले आठ दिनों से उन्हें अपनी अदायगी लेने के इस तरह सड़कों पर परेशान होना पड़ रहा है। मौसम विभाग की तरफ से चल रही लू के बारे में हिदायत जारी करने के बावजूद गन्ना काश्तकार संघर्ष पर डटे हैं, परंतु शुगर मिल प्रबंधकों से अदायगी करवाने के लिए प्रशासन और सरकार नाकाम रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि आप सरकार को भ्रम दूर कर लेने चाहिए कि गन्ना काश्तकार थक हारकर बैठ जाएंगे। गन्ना काश्तकारों के हौंसले पूरी तरह बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि गन्ने की तमाम अदायगी होने तक गन्ना काश्तकारअपने संघर्ष पर अडिग हैं। इस संबंधी जब एसएचओ सिटी हरजिंदर सिंह ढिल्लों के साथ संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि अमृत सिंह कातरों की सेहत पहले की अपेक्षा ठीक है और वह खतरे से बाहर हैं।
फोटो:09एसजीआरपी02- धूरी किसान अमृत सिंह कातरों को अस्पताल ले जाते हुए।