लुधियाना में डा. अंबेडकर की जयंती समारोह के दौरान माौजूद सुखवीर सिंह बादल।
- फोटो : अमर उजाला
डिप्टी सीएम सुखबीर बादल का कहना है कि चार अप्रैल को माता चंद कौर की हत्या की जांच कर रही उच्च स्तरीय विशेष जांच टीम को कई अहम सुराग मिले हैं। उनका कहना है कि जांच चल रही है, इसलिए इस संबंध में जानकारी देना संभव नहीं है। कातिलों को शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा।
सुखबीर ने साफ किया कि सूबे में निजी स्कूलों की मनमानियों पर अंकुश लगाने के लिए ही रेगुलेटरी बॉडी बनाई जा रही है। शिक्षा मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा को कहा गया है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कमेटी अपना काम शीघ्र ही शुरू कर दे। सुखबीर रविवार को भदौड़ हाउस दरेसी ग्राउंड में डॉ. बीआर अंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में बोल रहे थे।
कोहिनूर हीरे को वापस लाने के बारे में सुखबीर ने कहा कि यह पंजाबियों से संबंधित है। इसे लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस संबंध में शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की जाएगी। यदि जरूरत पड़ी तो इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में भी जा सकते हैं। सुखबीर ने कहा कि एसवाईएल मुद्दे पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के पंजाब विरोधी स्टैंड से उनका मकसद साफ हो गया है।
केजरीवाल और उनकी पार्टी हर मोर्चे पर फेल हुई है। दूसरी तरफ पंजाब में कांग्रेस के नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह भी फेल हो रहे हैं। विदेशों में भी उनको तवज्जो नहीं मिल रही है। सुखबीर ने कहा कि केजरीवाल और कैप्टन दोनों ही फेल नेता हैं।
प्रो. दविंदर पाल सिंह भुल्लर की पैरोल पर रिहाई को लेकर सुखबीर ने कहा कि यह कानून के मुताबिक हुआ है। इसमें कोई राजनीति नहीं हो रही है। कैदी को पेरोल पर बाहर आने का कानूनी अधिकार है।
जयंती समारोह में सुखबीर ने अकाली भाजपा सरकार के नौ साल के कार्यकाल में किए गए काम गिनाए। उन्होंने कहा कि 12 हजार सफाई कर्मचारियों को रेगुलर किया गया है। सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए अगले सप्ताह बैठक की जा रही है। समारोह में उन्होंने डॉ. बीआर अंबेडकर के देश को दिए योगदान का भी जिक्र किया। समारोह में मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया, सीएम के सलाहकार महेश इंद्र सिंह गरेवाल और रंजीत सिंह ढिल्लों के अलावा कई नेता मौजूद रहे।