लुधियाना। कोरोना मरीजों को फतेह किट में मांसाहार युक्त मल्टीविटामिन दी जा रही है। इस खुलासे के बाद मांसाहार नहीं करने वाले लोगों में हड़कंप का माहौल है। इस मुद्दे पर विश्व जैन संगठन ने पंजाब सरकार से तुरंत लोगों की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ नहीं करने के लिए कहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि फतेह किट से ऐसी दवाएं तुरंत हटाई जाए, जिससे उनकी धार्मिक भावनाओं को आघात न लगे।
विश्व जैन संगठन के संयोजक डॉ. संदीप जैन ने बताया कि यह मामला उस समय संज्ञान में आया, जब शहर के एक जागरूक जैन समुदाय से जुड़े व्यक्ति ने बताया कि पंजाब सरकार की फतेह किट में विटामिन की गोलियां दी गई है। उनपर लाल रंग का निशान लगा है। इसका अर्थ है कि विटामिन में पशुओं के शरीर के हिस्से को प्रयुक्त किया गया है। इसी तरह की शिकायत संगरूर से भी मिली है। वहां पर भी फतेह किट में दी गई मल्टीविटामिन गोलियों के पत्ते पर लाल रंग का निशान लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि बाजार में मल्टीविटामिन की ऐसी कई दवाएं है, जोकि शाकाहारी है। इन दवाओं को लोगों को दिया जाना चाहिए। इस मौके पर पीपल फॉर एनीमल्स लुधियाना (रजि.) के उपाध्यक्ष एपी जैन, महासचिव स्वतंत्र जैन, संजीव कुंद्रा, राजेश रोमी और महेश जैन मौजूद रहे।