लुधियाना में रविवार देर रात थाना बस्ती जोधेवाल के आजाद नगर में एक बर्थडे पार्टी के दौरान चलाई गई गोली से तीन साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपनी मां के साथ पड़ोस की छत पर खड़े होकर पार्टी देख रही थी।
पुलिस ने इस मामले में दो लोगों बिट्टू और उसके दोस्त राज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। राज ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर किए थे। थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।
रविवार देर रात आजाद नगर में बिट्टू ने अपने बच्चे की बर्थडे पार्टी का आयोजन किया था। समारोह में धार्मिक रीति रिवाज पूरे किए जा रहे थे।
पार्टी में आए मेहमानों में से एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से हवा में गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसी दौरान पड़ोस के घर की छत पर खड़ी मां-बेटी को भी गोलियां लगीं।
घायल हालत में तीन साल की कुमकुम और उसकी मां विमला देवी को तुरंत सीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने कुमकुम को मृत घोषित कर दिया, जबकि विमला देवी का इलाज किया जा रहा है।
बच्ची के पिता मजदूरी करके परिवार चलाते हैं। घटना की जानकारी मोहल्ले के लोगाें ने पुलिस को दी।