कनाडा में बहू ने साथी से पति को पिटवाया, कनाडा पुलिस ने दिया पास न फटकने का आदेश
बहू के माता-पिता पर फर्जी दस्तावेज से कनाडा भेजने का केस हुआ दर्ज
गवर्नर हाउस में तैनात एएसआई ने भारत और कनाडा सरकार से लगाई बेटे को बचाने की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। चंडीगढ़ में पंजाब गवर्नर हाउस में तैनात एएसआई सुरजीत लाल ने बेटे के सुनहरे भविष्य के लिए 30 लाख रुपये से अधिक खर्च कर बहू को कनाडा भेजा। अब सुरजीत और उनकी पत्नी सुरिंदर कौर बेटे परमजीत के जीवन की सलामती की दुआएं मांग रहे हैं। काफी मिन्नतों के बाद बहू प्रभजोत कौर ने पति को कनाडा तो बुलाया, लेकिन उसको पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने भारत और कनाडा सरकार से बेटे की जान की सलामती और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
एसएसपी को दी शिकायत में सुरजीत लाल निवासी गांव औजला फिल्लौर जिला जालंधर ने बताया कि उन्होंने रामकिशन निवासी सिंधवा खुर्द की बेटी प्रभजोत कौर से अपने बेटे परमजीत की शादी की थी। शादी के बाद बहू को करीब 30 लाख रुपये खर्च कर कनाडा भेजा, ताकि बेटे और बहू की जिंदगी खुशहाल रहे। उन्होंने अपनी जमीन और गहने बेचे और कुछ जमीन पर बैंक से लिमिट उठाई थी। इसके अलावा लाखों रुपये ब्याज पर लेकर बहू को कनाडा भेजा था।
उन्होंने बताया कि मई 2019 में इनटेक में प्रभजोत कौर उर्फ काजल स्टडी वीजा पर कनाडा पहुंची, लेकिन जाने के बाद वह पति परमजीत सिंह को वहां बुलाने में आनाकानी करने लगी। सुरजीत लाल के अनुसार रिश्तेदारों-बिचौलिये और पंचायत के बीच में पड़ने के बाद उसने स्पाउस वीजा पर 18 जून 2022 को परमजीत सिंह को भी कनाडा बुला लिया। लेकिन परमजीत जब एयरपोर्ट पर उतरा तो प्रभजोत ने उसे घर ले जाने से मना कर दिया और उसे एयरपोर्ट के पास एक होटल में ठहरा दिया और कुछ दिन वहीं इंतजार करने को कहा। जब बार-बार कहने के बावजूद प्रभजोत ने नहीं बुलाया तो परमजीत उसके किराये के घर पहुंच गया। वहां उसने पाया कि वह किसी और युवक के साथ रहती है। प्रभजोत और उसके साथी ने मिलकर प्रभजोत की पिटाई की और इसके बाद पुलिस को बुलाकर उसके हवाले कर दिया। कनाडा पुलिस ने परमजीत को प्रभजोत के पास न फटकने की हिदायत देकर छोड़ दिया।
सुलह करने को तैयार नहीं बहू
एएसआई का कहना है कि उनके बेटे ने एक-दो बार फिर बहू प्रभजोत से सुलह करने की फरियाद की, लेकिन जब भी वह पत्नी के पास गया तो उसने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। सुरजीत लाल ने बताया कि वर्तमान में उनका बेटा अपनी पत्नी से अलग कहीं छिप कर रह रहा है। उसे डर है कि प्रभजोत अपने पुरुष मित्र के साथ मिलकर उसे मरवा देगी। बेटे का जीवन संकट में देख सुरजीत लाल ने एसएसपी ग्रामीण नवनीत सिंह बैंस को शिकायत दी। इसमें उन्होंने बहू प्रभजोत कौर उर्फ काजल के पिता राम किशन और मां आशा रानी निवासी सिधवां खुर्द को नामजद किया है। उनका आरोप है कि प्रभजोत फर्जी दस्तावेजों और पासपोर्ट की पर कनाडा गई है। एसएसपी की शिकायत पर जगरांव पुलिस ने मामले की जांच की और प्रभजोत के मां-बाप पर साजिश रच फर्जी जन्म प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेज बना विदेश भेजने के आरोप में धारा 465, 467, 468, 471 और 120-बी में केस दर्ज किया है।
अलग-अलग नाम से बनवा रखे थे प्रभजोत के प्रमाण पत्र
जांच अधिकारी कुलवंत सिंह ने बताया कि आशा रानी और राम किशन ने अपनी बेटी प्रभजोत कौर उर्फ काजल के दो अलग-अलग नाम से जालंधर और लुधियाना से जन्म प्रमाण पत्र बनवाए थे। इसकी जांच एसपी (एच) की ओर से की गई थी। आरोप सही पाए जाने के बाद जिला ग्रामीण पुलिस प्रमुख एसएसपी नवनीत सिंह बैंस के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं, रुपयों की धोखाधड़ी की जांच भी की जा रही है। आरोपियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं ।