लुधियाना। हलवारा इस्सेवाल सामूहिक दुष्कर्म मामले में सरकार के मुख्य गवाह जसप्रीत सिंह जस्सा को मिली पुलिस सुरक्षा वापिस ले ली गई है। करीब चार महीना पूर्व थानेदार रंजीत सिंह को जस्सा की सुरक्षा में लगाया गया था जिसे बिना किसी पूर्व नोटिस हटा दिया गया। उसे जिला ग्रामीण पुलिस हेडक्वार्टर वापस बुला लिया गया। मुकद्दमे के मुख्य आरोपी जगरूप सिंह रूपी को हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद पीड़िता के दोस्त और मुख्य गवाह जस्सा ने जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की थी। जसप्रीत सिंह जस्सा ने शुक्रवार एसएसपी चरणजीत सिंह सोहल से मुलाकात कर सुरक्षा वापस देने की मांग की है।
गौरतलब है कि दुष्कर्म पीड़िता उसके दोस्त और मुख्य गवाह को आरोपिओं के दोस्त रिश्तेदारों ने कई बार पैसे का लालच देकर और कई बार डरा धमकाकर समझौता करने का दबाव बना चुका है। इस संबंध में दो मुकद्दमे थाना सराभा नगर लुधियाना और दाखा में दर्ज हैं। दोनों ही मुकद्दमे के मुख्य आरोपी जगरूप सिंह रूपी के परिजनों और अन्य पर दर्ज किए गए। यही वजह थी कि जगरूप सिंह रूपी के जमानत पर बाहर आने के बाद दोनों ने सुरक्षा की मांग की थी। एसएसपी चरणजीत सिंह सोहल ने बताया कि हो सकता है रूटीन में जसप्रीत की सुरक्षा में लगे अधिकारी को वापस बुला लिया गया हो। उन्होंने थाना दाखा के प्रभारी को मामले को देखने को कह दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्य गवाह जसप्रीत को जल्द दोबारा सुरक्षा प्रदान कर दी जाएगी।