कच्चे कर्मचारियों को रेगुलर करने की मांग को लेकर कई दिनों से धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा।
म्युनिसिपल
कर्मचारी दल के नेताओं की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों ने मेयर के खिलाफ
जगरांव पुल पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन की अगुवाई भावाधस के नेता विजय दानव,
चौधरी यशपाल और लक्ष्मण द्रविड़ ने की। डेढ़ घंटे तक प्रदर्शनकारी मौके पर
डटे रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि वीरवार को वह आंदोलन और
तेज करेंगे। बुधवार को निगम मुख्यालय में प्रदर्शन करने के बाद
प्रदर्शनकारी जगरांव पुल पर पहुंचे और धरना लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने
आरोप लगाया कि मेयर कर्मचारियों को रेगुलर करने में अड़ंगा लगा रहे हैं
जबकि निगम कमिश्नर अप्रैल तक उनकी मांगें पूरी कराने का आश्वासन दे चुके
है। वह लिखित देने को भी तैयार थे लेकिन अचानक उन्होंने अपने पैर वापस ले
लिए।
प्रदर्शन की वजह से शहर की सारी सड़कों पर वाहनों की लंबी-लंबी
कतारें लग गईं। जाम से निकलने के लिए लोग जद्दोजहद करते रहे। इस दौरान कुछ
लोगों की प्रदर्शनकारियों से झड़प भी हुई। पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारु ढंग
से चलाने के लिए लोगों को जगरांव पुल की तरफ से जाने ही नहीं दिया।