पंजाब में सोमवार को माैसम बदल गया। लुधियाना और जालंधर में सुबह बरसात के बाद माैसम में ठंडक घुल गई। जालंधर में आसमान में बादल छाए हुए हैं। दिन में अंधेरा छा गया है। मौसम में अचानक बदलाव से ठंडक महसूस हुई है।
3.8 मिमी बारिश के बाद चंडीगढ़ में गिरा तापमान
ठंडी हवाओं ने चंडीगढ़ के मौसम का मिजाज बदल दिया। तापमान में गिरावट से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 3.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद मौसम सुहावना हो गया।
रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में अधिकतम आर्द्रता 86 फीसदी रही।
मौसम विभाग के अनुसार 28 से 30 सितंबर तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 1 और 2 अक्तूबर को भी काफी बादल छाए रहने का अनुमान है। विभाग के मुताबिक इन दो दिनों में कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद मौसम पूरी तरह शुष्क होने की संभावना है।