भाखड़ा नहर में कार गिरने से श्री आनंदपुर साहिब ब्लाक समिति के पूर्व चेयरमैन और एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव निकलवा कर भाई जैताजी सिविल अस्पताल में रखवा दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
श्री आनंदपुर साहिब ब्लाक समिति के पूर्व चेयरमैन जतिंदर कुमार चौधरी (45) एक महिला के साथ अपनी कार में सवार होकर जा रहे थे। किला संतगढ बनी के पास कोठी के साथ उनकी कार संदिग्ध हालातों में भाखड़ा नहर में गिर गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर एसडीएम अमरजीत सिंह बैस, डीएसपी संत सिंह धालीवाल, एसएचओ हरकीरत सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने गोताखोरों को बुलवाया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों के शव और कार नहर से निकाले। पुलिस ने दोनों शवों को भाई जैता जी सिविल अस्पताल में रखवा दिए।
थाना मुखी हरकीत सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि जतिंदर कुमार चौधरी भाजपा के उम्मीदवार की हैसियत से ब्लाक समिति मेंबर बने थे और बाद में चेयरमैन बने थे। विधान सभा चुनाव के समय वह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में चले गए थे ।
फोटो-- भाखड़ा नहर से कार को निकालने में जुटे गोताखोर और मृतक जतिंदर चोधरी की तस्वीर।