हीरो ग्रुप की ओर से प्रमोट किया जा रहा बृज मोहन लाल (बीएमएल) मुंजाल विश्वविद्यालय ग्लोबल लीडर बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। आगामी शिक्षा सत्र से विश्वविद्यालय में मैनेजमेंट एवं इंजीनियरिंग कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। यह ऐलान बुधवार को विश्वविद्यालय के चेयरमैन सुनील कांत मुंजाल ने लुधियाना में किया।
यहां के एक होटल में आयोजित कांफ्रेंस में मुंजाल ने बीएमएल मुंजाल विश्वविद्यालय का पूरा खाका सामने रखते हुए दावा किया कि यहां पर अंतरराष्ट्रीय तरीके से युवाओं को शिक्षा दी जाएगी। पहले चरण में मैनेजमेंट एवं इंजीनियरिंग कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। इसके बाद हर साल शैक्षणिक कार्यक्रमों में इजाफा किया जाएगा। मुंजाल ने दावा किया कि हीरो ग्रुप का यह उपक्रम नो प्राफिट नो लॉस पर काम करेगा।
इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में 360 सीटें होंगी
ऑटोमोबाइल क्षेत्र में अग्रणी ग्रुप हीरो ग्रुप हरियाणा में जिला गुड़गांव के पास गांव सिद्धरावली में बीएमएल मुंजाल विश्वविद्यालय की स्थापना कर रहा है। मुंजाल ने दावा किया कि इसमें विद्यार्थियों को अमेरिकी की तर्ज पर शिक्षा दी जाएगी। जुलाई 2014 से शुरू होने वाले शिक्षा सत्र में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में 360 सीटें होंगी, जबकि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साठ सीटें होंगी।विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के अलावा स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर, लॉ, एजूकेशन और स्कूल ऑफ लिबरल आर्ट भी खोलने की योजना है। इसके अलावा विश्वविद्यालय में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का रिसर्च इंस्टीट्यूट भी स्थापित किया जाएगा।
लंदन के इंपीरियल कॉलेज के साथ गठजोड़
सुनील कांत मुंजाल के अनुसार लंदन के इंपीरियल कॉलेज के साथ गठजोड़ किया गया है। विभिन्न कोर्स के सिलेबस डिजाइन करने के लिए इंडस्ट्री और एजूकेशन क्षेत्र के माहिरों से राय ली गई है। इसके लिए विश्वविद्यालय में इंडस्ट्री पार्टनर के साथ भी तालमेल किया गया है। ओवरसीज एक्सपोजर का भी विद्यार्थियों को मौका दिया जाएगा। विद्यार्थियों को आसान शिक्षा लोन दिलाने को बैंकों के साथ भी तालमेल किया जा रहा है। इस मौके पर विश्वविद्यालय के डायरेक्टर अक्षय मुंजाल के अलावा कई अधिकारी मौजूद रहे।