फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लुधियाना के बाबा जीवन सिंह नगर में फैला गेस्ट्रो, बच्चे की मौत

Sat, 01 Aug 2015 10:07 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लुधियाना
विज्ञापन
विज्ञापन
ताजपुर रोड स्थित सेंट्रल जेल के पास बाबा जीवन सिंह नगर में गेस्ट्रो फैल गया है। गेस्ट्रो की बीमारी से देर शाम छह वर्षीय एक बच्चे गगनदीप सिंह की मौत हो गई, जबकि सौ से ज्यादा लोग बीमार हो गए।
विज्ञापन


शनिवार को नौ लोगों को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। खबर फैलते ही पूरे इलाके में हाहाकार मच गया। गुस्साए लोगों ने नगर निगम, विधायक रंजीत सिंह ढिल्लों और टीम इंसाफ के सदस्य आजाद पार्षद गुरप्रीत सिंह गोरा के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप था कि अगर समय रहते उनकी शिकायत पर सुनवाई हो जाती तो यह हाल न होता।

गेस्ट्रो से बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही निगम के जोनल कमिश्नर कमलेश बंसल सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे इलाके का दौरा किया और गलियों में खुदाई करवाकर लीकेज को ढूंढना शुरू किया। जहां लीकेज मिली, निगम अधिकारियों ने तुरंत उसे ठीक करने के आदेश दिए। इस दौरान अधिकारियों ने पानी के कई कनेक्शन काटे।
विज्ञापन


गगनदीप के पिता वरिंदर सिंह ने कहा कि वह मजदूरी करते हैं। शुक्रवार सुबह वह अपने काम पर गए हुए थे। उनका बेटा बाहर खेल रहा था। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टी होने लगी। परिजनों ने उसे डॉक्टर को दिखाया, लेकिन उसकी तबीयत नहीं सुधरी। जब वह घर पहुंचे तो वह बेटे को अस्पताल लेकर जाने लगे, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वरिंदर ने आरोप लगाया कि करीब 15 दिन से उनके इलाके में गंदा पानी आ रहा है। उन्होंने कई बार इसकी शिकायत की थी, लेकिन किसी ने जांच नहीं की।

निगम टीम के साथ विधायक ने किया दौरा
शुक्रवार शाम को बाबा जीवन सिंह नगर में गेस्ट्रो फैलने की सूचना मिलने के बाद विधायक रंजीत सिंह ढिल्लों निगम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पर उन्हें लोगों की खरी-खरी बातें भी सुननी पड़ी। शनिवार सुबह विधायक रंजीत सिंह ढिल्लों फिर से निगम के जोनल कमिश्नर कमलेश बंसल और उनकी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके में कई जगहों पर खुदाई कराई। उन्होंने खुद ही पानी की पाइपें पास में खड़े होकर चेक करवाई। जहां कुछ कमी आई तो उन्होंने तुरंत उसे ठीक कराया।

पार्षद का भी विरोध
सूचना मिलने के बाद जब इलाका पार्षद और बैंस बंधुओं के खासमखास टीम इंसाफ के सदस्य गुरप्रीत सिंह गोरा इलाके में दौरा करने पहुंचे तो उन्हें भी लोगों का विरोध झेलना पड़ा। पार्षद गोरा ने कहा कि शनिवार सुबह भी वह बाबा दीप सिंह नगर, प्रीत नगर सहित आस-पास के इलाकों में गए थे। उन्होंने वहां लोगों की शिकायतें सुनी है। उन्होंने कहा कि लोगों ने जो भी शिकायतें उन्हें दी हैं, जल्द ही उनको हल करवा दिया जाएगा। पार्षद द्वारा भेजे गए पानी के टैंकर में गंदा पानी होने पर पार्षद ने कहा कि इलाका निवासियों ने उन्हें शिकायत की थी कि टैंकर में भी पानी गंदा है। जिसके बाद उसे तुरंत बदलवा दिया गया था।

चेकिंग के दौरान काटे कई अवैध कनेक्शन
शनिवार को नगर निगम की टीम ने पूरे इलाके का दौरा किया और हर प्वाइंट को अच्छे से चेक किया। जिस जगह पर कोई कमी नजर आई, उसे ठीक कर दिया गया। चेकिंग के दौरान सामने आया कि इलाके के कई लोगों ने पानी के अवैध कनेक्शन लगा रखे हैं, जिन्हें मौके पर ही काट दिया गया। कुछ लोगों ने तो सीवरेज की पाइप के साथ ही पानी की पाइप निकाल कर घर में सप्लाई दी हुई है।
कमलेश बंसल, निगम जोनल कमिश्नर

150 में से 70 मरीज उल्टी-दस्त से पीड़ित : डॉ. खीमा
बाबा जीवन सिंह नगर में गेस्ट्रो फैलने की सूचना मिलने के बाद शनिवार को सेहत विभाग की तरफ से सिमरन पब्लिक स्कूल में मेडिकल कैंप लगाया गया। इसमें डॉ. खीमा सेठी की ड्यूटी लगाई गई। इस दौरान उनके साथ पूरा स्टाफ भी मौजूद था। डॉ. खीमा ने कहा कि कैंप के दौरान शाम तक करीब 150 मरीज आए थे। इनमें से 70 मरीजों ने उल्टी और दस्त की परेशानी बताई थी। सभी को दवाई दे दी गई है।

इलाके में सेहत विभाग की तरफ से करीब तीस मुलाजिमों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी ने पुनीत नगर, ईडब्ल्यूएस कालोनी, संजय गांधी कालोनी, प्रीत नगर के साथ साथ आस-पास के इलाकों में घर-घर जाकर क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस के पैकेट दे रहे है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें