मजदूरों से मारपीट करने वाले फार्म हाउस मालिक पर पुलिस कार्रवाई न होने से गुस्साए मजदूरों ने शुक्रवार को थाना हैबोवाल के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।
आधा घंटा चले इस प्रदर्शन में मजदूरों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि शिकायत देने के 15 दिन बाद भी पुलिस मजदूरों से मारपीट करने वाले फार्म हाउस मालिक पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही, उल्टा पुलिस उन्हें केस वापस लेने का दबाव बना रही है।
आजान हिंद निर्माण मजदूर यूनियन के कामरेड हरी सिंह साहनी ने बताया कि राजू गुप्ता उनकी यूनियन का सदस्य है। उसके साथ पंकज, अभय और दिनेश साउथ सिटी स्थित एक फार्म हाउस में काम कर रहे थे। फोन सुनने को लेकर फार्म हाउस मालिक ने पंकज के साथ मारपीट की। इसी दौरान बीच बचाव करने आए राजू गुप्ता, दिनेश और अभय से भी मारपीट की गई।
मारपीट के दौरान पंकज, अभय और दिनेश गंभीर घायल हो गए। हरी सिंह का कहना है कि आरोपी मालिक ने जबरन राजू गुप्ता के बाइक की चाबी छीन ली और बाइक अपने कब्जे में ले लिया। फिर उन्हें धमकाते हुए बाहर निकाल दिया। इसके बाद उन्होंने थाना हैबोवाल की पुलिस को शिकायत दी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
तीन दिन बाद 20 मई को उन्होंने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी, जो मार्क होकर थाना हैबोवाल पहुंची। 15 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपी मालिक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। मालिक उल्टा उन्हें धमका रहा है। मजदूर यूनियन के सदस्यों ने कहा कि अगर धरने के बाद भी पुलिस उनकी कोई सुनवाई नहीं करती है तो वह पुलिस कमिश्नर ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करेंगे।