पंजाबी गायक राजवीर जवंदा के अंतिम सस्कार में मुख्यमंत्री भगवंत मान शरीक हुए थे, जिसके चलते भारी सुरक्षा बंदोबस्त किए गए थे। इसके बावजूद जेबकतरों ने डेढ़ सौ से अधिक लोगों के मोबाइल फोन और पर्स पर हाथ साफ कर दिया। कई गायक और कलाकारों के भी फोन और पैसों से भरे पर्स उड़ाए गए हैं।
जगरांव के गांव पाैना में नाै अक्तूबर को राजवीर के अंतिम सस्कार में पांच हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ी थी। इसका फायदा उठाते हुए जेबकतरों ने मोबाइल और पर्स चोरी कर लिए। अब पीडि़त सामने आकर अपनी रिपोर्ट दर्ज करवाने लगे हैं।
गायक गगन कोकरी भी जेबकतरों का शिकार बने हैं। कोकरी ने कहा कि इस दुख की घड़ी में कुछ आपराधिक लोग पूरी प्लानिंग के साथ आए और चोरी करके निकल गए।
150 से अधिक लोगों के मोबाइल फोन चुराए गए। गायक जसबीर जस्सी, पिंकी धालीवाल के दो मोबाइल और खुद उनका मोबाइल भी चोरी हो गया। बास म्यूजिक के डायरेक्टर का मोबाइल भी चोरी हुआ है।
वहीं अंतिम सस्कार के दौरान करीब दो से तीन लाख रुपये चोरी हो गए। कई लोग तो ऐसे भी हैं जिन्होंने पुलिस को शिकायत भी नहीं की। थाना सदर जगरांव की पुलिस के पास लिखित में 8 से 10 मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। अभी तक किसी वीआईपी सिंगर या फिल्म स्टार द्वारा लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे अपने स्तर पर मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। लुधियाना ग्रामीण पुलिस के साइबर सेल की मदद ली जा रही है। जल्द ही मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस के अनुसार अंतिम सस्कार में भीड़ ज्यादा होने के कारण मोबाइल गिर जाने का भी शक है।