लुधियाना। सर्किट हाउस के गोबिंद नगर इलाके में देर रात को एक तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई। कार यहां खड़ी दूसरी कार पर जा चढ़ी। टक्कर की आवाज इतनी जबरदस्त थी कि लोग घरों से बाहर आ गए। कार चालक को लोगों ने बाहर निकाला। जिस घर के बाहर कार पलटी थी उस घर की दीवार टूट गई।
सूचना मिलने के कुछ समय बाद ही पीएयू की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हालांकि गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। गोबिंद नगर निवासी स्वराज सूदन ने बताया कि वह रात के समय अपने परिवार समेत घर में सो रहे थे। देर रात को जब उन्हें बाहर गली में से आवाज सुनाई दी। वह बाहर की तरफ भागे और उन्होंने देखा कि ओवरस्पीड क्रूज कार ने उनके घर के बाहर खड़ी वैगनआर कार एवं घर की दीवार को टक्कर के बाद पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया है।
उस समय क्रूज कार पूरी तरह से सड़क पर पलटी थी। जिसे देख राहगीरों और आस-पास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य किया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति चोटिल नहीं हुआ। इस टक्कर के दौरान कार की स्पीड इतनी तेज थी कि क्रूज कार के एयरबैग तक खुल गए। स्वराज सूदन ने बताया कि उनकी बहन दिल्ली से आई हुई थी, उनकी बहन की वैगनआर ही घर के बाहर रात के समय खड़ी थी, इस भीषण टक्कर में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। यह हादसा घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। उसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मुताबिक़ दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर ही अगली कार्रवाई होगी।