लुधियाना। व्हाट्सएप पर नत्थू राम गोडसे के नाम पर ग्रुप बनाकर बाबा भीमराव अंबेडकर को लेकर अभद्र टिप्पणी करने पर थाना दरेसी पुलिस ने ग्रुप एडमिन के नाम पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बस्ती जोधेवाल निवासी एडवोकेट जमसन घई ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह जिला कचहरी में बतौर एडवोकेट लंबे समय से काम कर रहे हैं। 13 जून को उनके पहचान के व्यक्ति ने व्हाट्सएप ग्रुप में उन्हें शामिल किया, जिसका नाम नत्थू राम गोडसे था। इस ग्रुप में बाबा भीम राम अंबेडकर सहित अन्य महान हस्तियों के बारे में अभद्र टिप्पणियां की गईं।
इन्हें पढ़कर वह बहुत आहत हैं। उन्हें लगता है कि यह सब कुछ एक साजिश के तहत किया जा रहा है, ताकि शांति के माहौल को बिगाड़ा जा सके। वह खुद बाबा भीमराव अंबेडकर के अनुयायी हैं, इसलिए उक्त ग्रुप एडमिन के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। थाना दरेसी पुलिस ने शिकायत के आधार पर ग्रुप एडमिन के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।