वृंदावन नाव हादसे में जलालाबाद का पंकज मल्होत्रा अब तक लापता
वृंदावन में शुक्रवार को हुए दर्दनाक नाव हादसे में जलालाबाद के पंकज मल्होत्रा (35) का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। जलालाबाद के अग्रवाल कॉलोनी, गली नंबर एक के रहने वाले पंकज मल्होत्रा अपने मौसा-मौसी के साथ मथुरा गए थे। हादसे में उसके मौसा-मौसी की मौत हो चुकी है और उनके शव मिल गए हैं लेकिन पंकज का कोई पता नहीं चल पाया है।
वृंदावन के केशी घाट के पास हुए इस हादसे में एक स्टीमर पलटने से कई श्रद्धालु लापता हो गए और कुछ की डूबने से मौत हो गई। जलालाबाद के डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि लापता लोगों में पंकज मल्होत्रा का नाम भी शामिल है।
घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है लेकिन पंकज की तलाश में अब तक सफलता नहीं मिल पाई। पंकज का परिवार इस खबर के बाद से मथुरा पहुंच चुका है और वे अपने बेटे की तलाश में जुटे हुए हैं। इस घटना से पूरे जलालाबाद में शोक की लहर है और पंकज के परिवार में गहरी चिंता बनी हुई है।