लुधियाना। सग्गू चौक के पास स्थित मानस अस्पताल के खिलाफ परिजनों ने मरीज को इलाज के दौरान शराब पिलाने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। इस मामले में मरीज की मौत हो गई, जिससे भड़के परिजनों ने वीरवार को सुबह अस्पताल के बाहर धरना देकर नारेबाजी की और स्टाफ पर कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में पुलिस ने डा. रवि समेत अस्पताल स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज कर डा. रवि को गिरफ्तार कर लिया है।
न्यू माडल टाउन के रहने वाले एक परिवार ने बेटे को नशा छुड़ाने के लिए शनिवार अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल ने यह कहा कि दस दिन तक लड़के का इलाज करने की जरूरत है। इस कारण उसे दाखिल करना होगा। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि मंगलवार शाम इलाज के लिए लड़के को इंजेक्शन लगाया गया था। इस बीच अस्पताल के स्टाफ ने पैसे के लालच में लड़के को शराब लेकर दी और जो उसने पी भी ली।
तबीयत बिगड़ने पर लड़का नीला होता गया और परिजन उसे डीएमसी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। इस बीच परिवार ने आरोप लगाया कि पूरे मामले के दौरान अस्पताल प्रबंधन, स्टाफ वहां से भाग गए। पड़ोसी सतीश भाटिया व दूसरे परिजनों ने कहा कि यह कैसा अस्पताल है, जहां मरीज को शराब छुड़ाई जाती है या पिलाई जाती है। इतना ही नहीं लड़के की जब हालत बिगड़ती गई, वह खुद अपने स्तर पर एंबुलेंस कर दूसरे अस्पताल लेकर गए। उधर, थाना पीएयू की पुलिस ने प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर एवं स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इंडस्ट्रियल एरिया निवासी मोहन गुप्ता की शिकायत के आधार पर डा. रवि समेत अस्पताल स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज कर डा. रवि को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।