जिले के पुलिस कर्मियों ने अपने वेतन से 21 लाख रुपये जोड़कर दीनानगर आतंकी हमले के पीड़ितों की सहायता की। सोमवार को पुलिस लाइन्स में आयोजित समारोह के दौरान पीड़ितों को मदद दी गई और उनको भरोसा दिलाया कि लुधियाना पुलिस हर दिक्कत में उनके साथ है। समारोह की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नर परमराज सिंह उमरानंगल ने की।
समारोह में उमरानंगल ने कहा कि दीनानगर आतंकी हमले में पंजाब पुलिस के कुछ जवान शहीद और कुछ जख्मी हो गए। अब उनके परिवारों की सहायता करने के लिए ही पुलिस कर्मियों ने अपनी तरफ से पहल की है। डीसीपी नरेंद्र भार्गव ने कहा कि लुधियाना पुलिस की ओर से दीनानगर हमले में शहीद हुए होमगार्ड जवान देस राज, सुखदेव और बोधराज के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये और जख्मी जवानों के परिवारों को एक-एक लाख रुपये की मदद की गई है।