बहन से प्रेम संबंधों से नाराज भाई ने तेजधार हथियार से अपने दोस्त की हत्या कर दी। खन्ना पुलिस ने भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
एसएसपी खन्ना हरचरण सिंह भुल्लर ने बताया कि मृतक निक्का के पिता गुरदेव सिंह ने पुलिस को बताया था कि वीरवार रात निक्का का दोस्त उसे अपने साथ ले गया।
जब देर रात तक वह घर नहीं आया तो परिजन उसे ढूंढने निकल पड़े। ढूंढते हुए वह गांव ललहेड़ी स्थित आंगनबाड़ी स्कूल के पास पहुंचे तो वहां निक्का का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था।
उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच के दौरान पता चला कि निक्का के दोस्त की बहन के साथ उसका प्रेम संबंध था। इसका पता चलने पर निक्का के दोस्त ने उसे रास्ते से हटाने की ठान ली।
वह उसे मौका देखकर अपने साथ ले गया और तेजधार हथियार से निक्का की हत्याकर शव सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी मजदूरी करता है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।