लुधियाना में थाना डिवीजन तीन की पुलिस की गिरफ्त में आए सात आरोपी जमानत पर जेल से छूटने के बाद लूटपाट करते थे। आरोपियों ने शहर में लूटपाट की करीब 28 वारदातों को अंजाम दिया था। यह खुलासा रिमांड के दौरान आरोपियों ने किया।
पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को लूट की योजना बनाते समय थाना डिवीजन तीन की पुलिस ने जुझार नगर निवासी गगनदीप सिंह, गुरु गोबिंद सिंह नगर निवासी दीपक कुमार, प्रीत नगर निवासी अमनजोत सिंह, गांव गौंसगढ़ निवासी कुलविंदर सिंह, जमालपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी विक्रमजीत सिंह, झाबेवाल स्थित गुरु नानक कालोनी निवासी लवदीप सिंह और राम नगर निवासी शिवकुमार को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों से असलहे और दोपहिया वाहन बरामद किए थे। पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन का रिमांड हासिल किया था।
पुलिस कमिश्नर अग्रवाल ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने महानगर में करीब 28 वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपियों के खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। आरोपी जमानत पर छूटने के बाद इकट्ठे हो जाते थे और उसके बाद वारदातें करते थे। आरोपी लूट का माल बेचकर नशा करते थे। आरोपियों ने काफी समय से महानगर में दहशत फैला रखी थी।