लुधियाना में प्रदर्शन करते प्लास्टिक कारोबारी।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब सरकार की ओर से एक अप्रैल से प्लास्टिक एवं डिस्पोजेबल उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध के विरोध में कारोबारी सड़कों पर उतर आए हैं।
बुधवार को केसरगंज प्लास्टिक मर्चेंट्स एसोसिएशन के बैनर तले कारोबारियों ने काली होली मनाई। काले बिल्ले लगाकर मंडी केसरगंज में रोष प्रदर्शन किया गया। कारोबारियों ने साफ किया है कि जब तक सरकार इस फरमान को वापस नहीं लेती संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर कांग्रेसी विधायक भारत भूषण आशू, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सेहत मंत्री सतपाल गोसाईं एवं शिअद के जिला प्रधान मदन लाल बग्गा मौके पर पहुंचे। सभी नेताओं ने इस फरमान को वापस कराने को लेकर सरकार से बातचीत करने का भरोसा दिलाया।
पंजाब सरकार ने सूबे में एक अप्रैल 2016 के बाद से प्लास्टिक, डिस्पोजेबल एवं थर्मोकोल के उत्पादों पर पूर्ण प्रतिबंध का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस फरमान के बाद सूबे में छह हजार से अधिक इकाइयों, हजारों दुकानदारों एवं लाखों लोगों के बेरोजगार होने का संकट पैदा हो गया है। इसके विरोध में बुधवार को कारोबारियों ने हाथ में बैनर थामकर प्रदर्शन किया और मानव शृंखला बनाकर लोगों को इस संबंध में जागरूक भी किया।
एसोसिएशन के प्रधान विपिन कटारिया एवं महासचिव पुनीत मखीजा ने कहा कि केंद्र सरकार ने 50 माइक्रोन से अधिक के प्लास्टिक उत्पादों के उपयोग की सिफारिश की हुई है। कारोबारियों की मांग है कि उनको भी केंद्र सरकार की सिफारिश के तहत प्लास्टिक उत्पाद बेचने की इजाजत दी जाए। इससे लाखों लोगों की रोजी रोटी छिनने से बच जाएगी। इस अवसर पर सुनील कटारिया, मनजीत सिंह, लक्की गाबा, गुलशन दुआ समेत कई कारोबारी मौजूद रहे।