माता चंद कौर कत्ल कांड के लिए बनाई गई एसआईटी अब जालंधर में पिछले साल दिसंबर में हुए मानव बम कांड की जांच करेगी।
चार दिसंबर 2015 को जालंधर पुलिस ने मानव बम कांड के आरोप में सिरसा के हरभेज सिंह, भुलत्थ के हरदीप सिंह और जालंधर के जगमोहन सिंह को गिरफ्तार किया था। इन्हें लुधियाना पुलिस पिछले दिनों प्रोडक्शन वारंट पर लाई है।
पुलिस आरोपियों को यह कह कर लाई है कि पुलिस ने 9 मई 2015 को थाना सदर के इलाके धांधरा रोड स्थित सरपंच कालोनी में एक व्यक्ति की अर्द्धनग्न लाश के बारे में आरोपियों से पूछताछ करनी है। लेकिन इनसे माता चंद कौर की हत्या के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। वहीं माता चंद कौर हत्याकांड में सूत्रों के मुताबिक पुलिस को पता चला है कि चार अप्रैल को कत्लकांड वाले दिन श्री भैणी साहिब में तीन बार इंटरनेट कॉलिंग हुई थी। इसकी भी जांच की जा रही है।
लुधियाना पुलिस कमिश्नर और जांच टीम के सदस्य जतिंदर सिंह औलख ने बताया कि अब इस मामले की जांच एसआईटी करेगी। इसके लिए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी गई है। आरोपियों से माता चंद कौर के कत्ल के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।
तीनों पर आरोप था कि वे श्री हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन में शामिल होने के लिए पहुंचने वाले श्री भैणी साहिब के सतगुरु उदय सिंह पर हमला करने वाले थे, लेकिन बम समय से पहले ही फट गया था। इसमें आरोपियों के साथी अजय की मौत हो गई थी। माता चंद कौर कत्लकांड को सुलझाने के लिए लुधियाना पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख, डीसीपी ध्रुमन निंबले एसआईटी के साथ रोजाना पांच घंटे से अधिक काम कर रहे हैं।