शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने फैडरेशन ऑफ इंडस्ट्रियल एंड कामर्शियल आर्गेनाइजेशन (फीको) के प्रधान गुरमीत सिंह कुलार के आवास पर उद्योगपतियों से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के रूप में सत्ता में आने के बाद उद्योग जगत की तरक्की को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा है कि एमएसएमई उद्योग के लिए धनानसू में फोकल प्वाइंट बनाना उनकी प्राथमिकता में शामिल होगा। वहीं सरकार बनने के छह महीने के भीतर साइकिल वैली प्रोजेक्ट को पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत में 75 फीसदी से अधिक साइकिल और सिलाई मशीन उद्योग लुधियाना से संचालित होता है, जिसमें से 90 फीसदी उद्योग मिक्स लैंड यूज से संचालित होते हैं और एमएसएमई के तहत पंजीकृत हैं और पिछले 60 वर्षों से काम कर रहे हैं। ये छोटी इकाइयां बड़ी इकाइयों को अनिवार्य उत्पादों की आपूर्ति करती हैं। ऐसे में मिक्स्ड लैंड यूज क्षेत्र को छोटी, सूक्ष्म और लघु इकाइयों के लिए स्थायी तौर पर नामित करने पर ध्यान देंगे। उनकी सरकार उद्योग जगत के विकास के लिए सबसे अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रदान करेगी और औद्योगिक इकाइयों के लिए पांच रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली देना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि मोहाली और अमृतसर का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उनकी सरकार की ही देन है। इसलिए सरकार बनने के बाद लुधियाना में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का कार्य जल्द पूरा करने के प्रयास करेंगे, ताकि पंजाब में सर्वोत्तम अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क सुनिश्चित कर सकें।
कैप्शन : उद्योगपतियों को संबोधित करते शिअद के प्रधान सुखबीर सिंह बादल और गुरमीत सिंह कुलार।