‘क्या मेरी सोनम गुप्ता बेवफा है’ फिल्म के खिलाफ हिंदू समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों ने संयुक्त तौर पर कश्मीर नगर से लेकर समराला चौक पर जाम लगा दिया। इससे पहले सैकड़ों धर्म प्रेमियों ने रोष मार्च निकाला, जिसमें प्रमुख हिंदु नेताओं ने नारेबाजी कर फिल्म के निर्माता निर्देशक के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शन दौरान सभी ने कहा कि आज सरकार व प्रशासन के ढुलमुल रवैये के कारण सनातन धर्म के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
इसलिए पिछले कुछ समय के दौरान बेअदबी की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। दुर्भाग्यपूर्ण बात है की किसी भी राजनीतिक दल में हिंदू समाज की आवाज बुलंद करने वाले नेता नहीं हैं, तभी हमारे समाज को इंसाफ लेने के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 48 घंटे में प्रशासन ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, जस्सी गिल और सुरभि ज्योति पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस दर्ज न किया तो दशहरे के त्योहार के बाद पहले खन्ना स्थित जस्सी गिल के घर का घेराव कर चंडीगढ़ में बड़े आंदोलन के लिए हजारों की संख्या में सनातन धर्म प्रेमी कूच करेंगे।
धरने में भिड़े हिंदू नेता
हिंदू नेताओं की ओर से समराला चौक जाम करने का लगाने का एलान किए जाने के बाद पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा की पूरी तैयारी कर रखी थी। पुलिस प्रशासन ने हिंदू नेताओं से बात की और शाम तक मामला दर्ज करने के लिए कहा। कुछ हिंदू नेता मान गए और उन्होंने धरना समाप्त करने का एलान कर दिया और सड़क खाली कर दी। जैसे ही अधिकारी पीछे मुड़े तो कुछ नेताओं ने इसका विरोध कर दिया। वह मामला दर्ज करने के लिए अड़े रहे। इसी बात को लेकर हिंदू नेता आपस में भिड़ गए और बहस करने लगे। एक दूसरे पर आरोप भी लगाए गए। मगर मीडिया के वहां मौजूद होने के कारण वह चुप हो गए। जिसके बाद वह एक साइड पर बैठ गए और उन्होंने एलान किया कि जब तक मामला दर्ज नहीं होता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।