लुधियाना। गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर पकड़ी गई करोड़ों रुपये की हेरोइन के मामले में बुधवार को गुजरात पुलिस के दो अधिकारी महानगर पहुंचे। उन्होंने पुलिस कमिश्नर डॉ. कौस्तुभ शर्मा से मुलाकात की और कमिश्नरेट पुलिस के साथ जमालपुर के भामियां इलाके में दबिश दी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने वहां से एक युवक को हिरासत में लिया है जो एक कस्टम एजेंसी का करिंदा था। पुलिस अधिकारी उसे मालेरकोटला ले गए। जहां से भी एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
हालांकि पुलिस कमिश्नर ने कहा कि महानगर से जो युवक हिरासत में लिया है वह हेरोइन नहीं बल्कि किसी और मामले में पूछताछ के लिए लिया गया है। यहां पूछताछ की गई है या फिर मलेरकोटला में अभी स्पष्ट नहीं है। अधिकारी उनके पास जरूर आए थे और टीम की ड्यूटी लगाई गई थी।
पंजाब पुलिस ने गुजरात पुलिस के साथ तालमेल कर मुंद्रा पोर्ट से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की थी। जिसकी कीमत भी करोड़ों रुपये बताई गई थी। बताया जा रहा है कि यह हेरोइन पंजाब में आनी थी। जिस कंटेनर में हेरोइन आई है वह कंटेनर दुबई की बंदरगाह से चला था। पंजाब पुलिस के पास इनपुट्स थे तो गुजरात पुलिस के साथ संपर्क किया गया और दोनों टीमों ने तालमेल कर हेरोइन बरामद की। बताया जा रहा है कि इस हेरोइन को कपड़े में छिपा कर लाया जाना था।
गुजरात पुलिस ने दिया था नोटिस
पुलिस कमिश्नर डॉ. कौस्तुभ शर्मा ने बताया कि गुजरात पुलिस के अधिकारियों ने एक युवक को नोटिस दिया था। उसे यहां पूछताछ के बाद शायद मलेरकोटला भी ले जाया गया है। उक्त युवक महानगर की एक कस्टम के साथ काम करने वाली एजेंसी में काम करता था। वहां कोई कनसाइनमेंट आई थी जो मालेरकोटला की डिलाइज इंपेक्टर कंपनी के नाम से था जो मालेरकोटला की है। वहां भी गुजरात पुलिस जांच कर रही है। अब यह जांच हेरोइन में है या फिर किसी ओर मामले में पूरी तरह साफ नहीं है।