हलवारा। थाना सुधार से सौ गज की दूरी पर स्थित शराब के ठेके के सामने लगे हरे भरे विशाल पेड़ को रात के अंधेरे में काट दिया गया। पेड़ काटने के बाद लकड़ी खुर्द बुर्द कर दी गई। शराब ठेके की चकाचौंध में खलल डाल रहे इस पेड़ को जब काटा जा रहा था, ठीक उसी समय वन विभाग के अधिकारी वहां से आंख मूंद कर निकल गए।
एसडीएम रायकोट डॉ. हिमांशु गुप्ता को सूचित करने पर उन्होंने थाना सुधार को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए तो आनन फानन में पेड़ काट रहे दर्जन से अधिक लोगों को रंगे हाथ तीन टेम्पो में भरी लकड़ी के साथ पकड़ कर पुलिस थाना ले गई। लेकिन, देर रात सत्तारूड़ पार्टी के प्रभावशाली नेता का फोन आने के बाद सभी लोगों को टेम्पो सहित छोड़ दिया गया।
अब एसडीएम रायकोट डॉ. हिमांशु गुप्ता जांच करवाकर कार्रवाई करने का भरोसा दे रहे हैं। हैरानीजनक बात यह है कि मामले से संबंधित सभी विभागों के अधिकारी एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराकर पल्ला झाड़ने में लगे हैं। जिला वन अधिकारी हरभजन सिंह ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि घटना लुधियाना-बठिंडा राज्य मार्ग से सुधार गांव को जाती लिंक सड़क की है।
ये सड़क पंजाब मंडी बोर्ड के अधीन है। लिहाजा सारी जिम्मेदारी उन्हीं की है। जब पंजाब मंडी बोर्ड के सचिव जसमीत सिंह बराड़ व एसडीओ जतिन बांसल से बात की गइ तो उन्होंने कहा कि उनका काम सड़क बनवाना है। सड़क किनारे लगे पेड़ों की सुरक्षा व देखरेख की जिम्मेदारी बीडीपीओ कार्यालय व पंचायत की है। इसलिए उन्हें ही कार्रवाई करनी होगी ।
जब बीडीपीओ सुधार हीरा सिंह से बात की गई तो उन्होंने ने भी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते कहा कि यह इलाका पंजाब मंडी बोर्ड का है जो करना है उन्हें ही करना है। गांव सुधार पत्ती गिल के सरपंच हरमिंदर सिंह गिल ने कहा कि पंचायत से पेड़ काटने के लिये कोई मंजूरी नहीं ली गई।
यह काम गैर कानूनी है। उन्होंने यह भी कहा कि घटनास्थल के पास पावरकॉम द्वारा नया ट्रांसफार्मर लगाकर लाइन डाली जा रही है, हो सकता है पेड़ उन्होंने कटवाया हो। एसडीओ पावरकॉम जसजीत सिंह ने कहा कि उनके विभाग ने अपनी जरूरत के अनुसार पहले ही पेड़ थोड़ा छटवा दिया था। बीती रात किसने यह पेड़ काटा उन्हें जानकारी नहीं है।
उन्होंने मौके का दौरा कर लिया है। वह अपनी रिपोर्ट विभाग को भेज देंगे। थाना सुधार के प्रभारी रमनप्रीत सिंह ने कहा कि वह सभी सम्बंधित विभागों को सूचना भेज रहे हैं। यह गंभीर मामला है जिसकी जांच शुरू कर दी है।