फतेहगढ़ साहिब। पुलिस ने हाईकोर्ट में चालक की नौकरी लगवाने का झांसा देकर सवा चार लाख रुपये ठगने का मामला दर्ज किया है। आरोपी पिता-पुत्र और पुत्रवधु के खिलाफ केस दर्ज हुआ है, जबकि ससुर और पुत्रवधु को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह निवासी गांव सानीपुर ने बताया की गुरदीप सिंह निवासी गांव बड़वाला ने उन्हें फोन किया था कि पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में चालक के पद निकले हैं। वह उनके बेटे को चालक के पद पर नौकरी लगवा देंगे। इसके बाद आरोपी गुरदीप सिंह और पिता परमिंदर सिंह दोनों ने उन्हें फतेहगढ़ साहिब बुलाया। आरोपियों ने कहा कि गुरदीप सिंह हाईकोर्ट के जज का चालक लगा हुआ है। वह उनके बेटे को 4,50,000 रुपये के बदले नौकरी लगवा देगा। नौकरी न मिलने पर उन्होंने पैसे वापस देने का वादा भी किया था।
यह सारी बातचीत सरबजीत सिंह निवासी गांव खेड़ी नोध सिंह के सामने हुई थी। बाद में गुरदीप सिंह ने उनसे 75 हजार रुपये ले लिए। फिर परमिंदर सिंह की पत्नी कुलवीर कौर 50 हजार रुपये 7 फरवरी 2018 को सरहिंद आकर लेकर गई। बाद में दो चेक के माध्यम से तीन लाख रुपये का भुगतान किया।
इस तरह उन्होंने आरोपियों को 4,25,000 रुपये दे दिए। जब नौकरी नहीं लगी तो आरोपियों ने तीन लाख रुपये का चेक दिया जो बाउंस हो गया। जांच अधिकारी राजिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी गुरदीप सिंह, उसके पिता परमिंदर सिंह और कुलवीर कौर पत्नी गुरदीप सिंह के खिलाफ थाना फतेहगढ़ साहिब में मामला दर्ज किया गया है। कुलवीर कौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, परमिंदर सिंह को एक दिन के रिमांड पर लिया है। जांच में सामने आया है कि गुरदीप सिंह खुद भी कोई नौकरी नहीं करता था।