दीपक अस्पताल रोड पर तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार ने कोठी के बाहर खेल रहे साढ़े चार साल के बच्चे करन को कुचल दिया। कार चालक रुकने के बजाय बच्चे को 20-30 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। आगे कोठी के बाहर खड़े एक ड्राइवर ने शोर मचाया जिसके बाद आरोपी रुका। बच्चे को गाड़ी से अलग करने के बाद वह फरार हो गया।
शोर सुन बच्चे के परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ करन को दीपक अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद थाना सराभा नगर की पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही दूरी पर आरोपी कार ड्राइवर को काबू कर लिया। जब लोगों को पता चला कि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसकी गाड़ी के साथ उसे थाने लाया गया है। इसके बाद गुस्साई भीड़ थाना सराभा नगर पहुंची। उस समय एक मुलाजिम थाने के बाहर खड़ा था।
गुस्साई भीड़ सीधे अंदर घुस गई और गाड़ी पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। शोर सुन थाने में तैनात एसएचओ सुरिंदर कुमार और अन्य मुलाजिम बाहर निकले और उन्होंने गुस्साई भीड़ को काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस उन पर समझौता करने का दबाव बना रही है। पुलिस ने इस मामले में गांव मलकपुर निवासी अमरीक सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक के दादा रामलाल ने कहा कि उनके बेटे परम लाल के दो बच्चे हैं। उसका परिवार ग्यासपुरा में रहता है। वह खुद एक निर्माणाधीन कोठी में मजदूरी करते हैं। मंगलवार को उनका बेटा अपनी पत्नी और बच्चे को उनके पास छोड़कर खुद अपने काम पर चला गया। उनका पोता करन कोठी के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान फिरोजपुर रोड की तरफ से एक तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार आई और उनके पोते को टक्कर मारकर दूर तक घसीटते हुए ले गई।
हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना सराभा नगर की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना सराभा नगर के एसएचओ इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार ने कहा कि पुलिस ने तुरंत नंबर का पता कर आरोपी अमरीक सिंह निवासी गांव मलकपुर को काबू कर लिया। वह थाने के अंदर काम में जुटे हुए थे तो एक दम से गुस्साई भीड़ अंदर घुस आई और गाड़ी को तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने के आरोप बेबुनियाद है। पुलिस ने इस मामले में अपनी कार्रवाई कर दी थी।
पहले भी हो चुके है कई हादसे
दीपक अस्पताल वाली रोड पर यह कोई पहला बड़ा हादसा नहीं है। इससे पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके है। इसी सड़क पर बीएमडब्ल्यू कार तेज रफ्तार होने के कारण पलट गई थी। हादसे के बाद कार के दो टुकड़े हो गए थे और चालक की मौत हो गई थी। इसके अलावा एक तेज रफ्तार कार ने राहगीर को टक्कर मार दी थी। जिससे उसकी मौत हो गई थी।