वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की ओर से चलाई गई विशेष मुहिम के तहत थाना शिमलापुरी की पुलिस ने लुटेरे गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच सदस्य अभी भी फरार है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 बोर की एक रिवाल्वर, छह जिंदा कारतूस, डेढ़ लाख रुपये की नकदी, सोने के जेवरात और एसबीआई बैंक की एक पास बुक बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरोह के सरगना एसबीएस नगर निवासी आकाश, जगजीत सिंह उर्फ शंटी, गिल रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले विकास कुमार, गुरु नानक नगर मुंडियां कला निवासी विकास उर्फ लक्की और सुनील कुमार के रुप में हुई है, जबकि डॉ. अंबेदकर नगर निवासी जोनी, जवाहर नगर कैंप निवासी सुखविंदर सिंह सोनी, राज, मनी सहित एक अन्य अभी फरार है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस कमिश्नर निर्मल सिंह ढिल्लों ने कहा कि सभी आरोपियों ने मिल कर शिमलापुरी इलाके में कुछ दिन पहले एक व्यक्ति से लाखों रुपये की लूट की थी और फरार हो गए थे।
उसके बाद आरोपियों ने अलग अलग इलाकों से कई लोगों को अपना निशाना बनाया था। 31 दिसंबर की रात को भी आरोपी गिल रोड पर स्थित अरोड़ा पैलेस के पास नाकाबंदी कर लूट की वारदात को अंजाम देने के फिराक में थे। पुलिस को इसकी भनक लग गई।
पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी कर ली, लेकिन गिरोह के पांच सदस्य ही पुलिस काबू कर पाई। पुलिस ने फरार आरोपियों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन पुलिस के हाथ कामयाबी नहीं लगी। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आरोपी महानगर में काफी समय से सरगर्म थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में काफी समय से जुटी हुई थी। पुुलिस फरार हो चुके आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।