मानसा। गांव रल्ला में आग से करीब 24 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। शुक्रवार को दोपहर के समय गांव रल्ला के किसान देशराज के खेतों में कंबाइन से कटाई शुरू की गई। इस दौरान किसानों के चेहरों पर खुशी थी, लेकिन कुछ ही देर में कंबाइन से निकली चिंगारी ने भयानक आग का रूप धारण कर लिया। हालांकि किसानों ने आनन फानन में फायर बिग्रेड को सूचित किया।
इसके बाद आसपास के एकत्रित हुए लोगों ने अपने स्तर पर ट्रैक्टरों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सूचना पाकर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने और आग पर काबू पाने तक करीब छह किसानों की 24 एकड़ गेहूं की पक कर तैयार खड़ी फसल जलकर राख हो गई। लोगों ने फायर ब्रिगेड के देरी से पहुंचने की बात कही।
उन्होंने प्रभावित किसानों को सरकार से मुआवजा देने की मांग की है। थाना जोगा के प्रभारी चन्नण सिंह ने बताया कि कंबाइन से चिंगारी निकलने से फसल को आग लग गई। उनके अनुसार लोगों की मदद से फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत से आग पर काबू किया। इससे लखवीर सिंह की डेढ़ एकड़, देशराज की 5 एकड़, बिक्कर सिंह की ढाई एकड़, हरबंस सिंह की साढ़े 6 एकड़, अमृत दानेवालिया की 5 एकड़ और वेद प्रकाश साढ़े 3 एकड़ फसल नष्ट हो गई।