बेटे को जुए की लत और गलत संगत से बचाने की कोशिश एक पिता के लिए जिंदगी की आखिरी कोशिश साबित हुई।
दिवाली की रात अपने बड़े बेटे को जुए के अड्डे से वापस लाने गए 45 वर्षीय पत्थर और टाइल मिस्त्री रघु कामथ पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया गया। सिर पर कई घातक वार किए जाने से गंभीर रूप से घायल रघु मंगलवार सुबह जिंदगी की जंग हार गया। परिजनों का आरोप है कि दिवाली की रात ही पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई थी, लेकिन तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
बेटे को जुए के अड्डे से निकालने पहुंचा था पिता
मूल रूप से बिहार के जिला सहरसा की तहसील सिमरी बख्तियारपुर के गांव खुजरी मठियानी निवासी रघु कामथ अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पंजाब में मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। वह गांव सुधार की पत्ती गिल में सरपंच इंदरजीत सिंह गिल की कोठी के पीछे स्थित एक मकान में परिवार सहित किराये पर रहता था।
दिवाली की रात जब उसका बड़ा बेटा जय कामथ काफी देर तक घर नहीं लौटा तो पिता की चिंता बढ़ गई। वह अपने दो छोटे बेटों नितीश कामथ और हरमन कामथ को साथ लेकर जय की तलाश में निकल पड़ा। तलाश के दौरान पता चला कि जय लुधियाना-बठिंडा राजमार्ग पर एक निजी स्कूल के नजदीक स्थित राजस्थान मार्बल्स नामक दुकान में कुछ लोगों के साथ कथित तौर पर जुआ खेल रहा है।
शटर खुलते ही जुए का अड्डा बना खूनी अखाड़ा
रघु अपने दोनों बेटों के साथ राजस्थान मार्बल्स पहुंचा और जय को घर चलने को कहा और उसके साथ मौजूद लोग उसे खेल छोड़कर जाने से रोक रहे थे।
कुछ देर बाद रघु और उसके बेटों का अंदर मौजूद लोगों के साथ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक झगड़े का रूप ले लिया। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने रघु कामथ के सिर पर बेसबॉल बैट से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोटें लगने से रघु मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल रघु को पहले सुधार के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे लुधियाना के सरकारी अस्पताल भेजा गया और वहां से भी उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, इसी दौरान लुधियाना में मौजूद किसी की सलाह पर परिवार ने रघु को न्यूरो लाइफ अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन सिर पर लगी गंभीर चोटों और असहनीय तकलीफ के आगे आखिरकार रघु ने मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है।
मृतक के भाई संजय कामथ के अनुसार, परिवार ने दिवाली की रात ही थाना सुधार पुलिस को इस वारदात की सूचना दे दी थी। हालांकि, रघु की गंभीर हालत के कारण पूरा परिवार उसके इलाज में जुटा रहा और मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि थाना सुधार पुलिस ने वारदात के बाद फरार हो रहे कथित आरोपियों को हिरासत में ले लिया था। थाना प्रभारी राजविंदरपाल सिंह स्वयं मामले की जांच कर रहे हैं।
नितीश कामथ ने पुलिस को दिये अपने ब्यान में बताया है कि घटनास्थल पर 15-20 लोग थे और संतोष एवं वरिंदर साहनी ने उनके साथ लड़ाई शुरू की और खेमा नामक आरोपी ने उनके पिता के सर पर जानलेवा वार किए वार इतना घातक था कि बेसबाल बैट दो टुकड़े हो गया।