बठिंडा। रामपुरा फूल तहसील के अधीन आते गांव कोठा गुरुका में बुधवार देर शाम किसान रणधीर सिंह के खेत में लगी मोटर का कनेक्शन काटने पहुंचे एसडीओ बेअंत सिंह समेत आठ बिजली कर्मियों को किसानों ने घेर लिया। सूचना मिलते ही एक्सईएन भगता भाईका कमलदीप अरोड़ा और रामपुरा फूल के डीएसपी जसवीर सिंह, तहसीलदार मौके पर पहुंचे। न दूसरी तरफ भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के बैनर तले बड़ी तादाद में किसान भी मौके पर पहुंच गए।
भगता भाईका के एक्सईएन कमलदीप अरोड़ा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव कोठा गुरुका के किसान रणधीर सिंह के खेत में फर्जी तरीके से पानी की मोटर चलाई जा रही है। सूचना पर एसडीओ बेअंत सिंह टीम के सात लोगों के साथ कनेक्शन काटने पहुंचे। जैसे ही कनेक्शन काटने की कोशिश की गई किसानों ने उन्हें घेर लिया।
एक्सईएन ने बताया कि वो खुद और रामपुरा फूल के डीएसपी जसवीर सिंह, तहसीलदार मौके पर पहुंचे। वो पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर किसानों से अभी बात कर रहे हैं। बिजली विभाग के एसडीओ एवं सात अन्य कर्मियों का किसानों ने घेराव किया हुआ है। रामपुरा फूल के डीएसपी जसवीर सिंह का कहना था कि बिजली विभाग के एक्सईएन एवं तहसीलदार किसानों के साथ बातचीत कर रहे हैं। शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं किसान रणधीर का कहना है कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। काफी समय से उनके खेत में मोटर चल रही है।