फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ludhiana: शव बदलने का आरोप, मृतक के परिजनों ने सिविल अस्पताल में किया हंगामा, तोड़फोड़

Thu, 05 Jan 2023 10:43 AM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)

सार

गुरुवार सुबह जब परिवारिक सदस्य शव लेने के लिए अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि अस्पताल प्रबंधकों ने शव किसी और को उठवा दिया है, जिसके बाद परिवार वालों ने हंगामा शुरू कर दिया।
विज्ञापन
लुधियाना में प्रदर्शन करते परिजनों को समझाते पुलिसकर्मी। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लुधियाना के सिविल अस्पताल में गुरुवार सुबह शव बदली होने का मामला सामने आया। मरीज किसी निजी अस्पताल में दाखिल था, वहां 1 जनवरी को उसकी मौत के बाद बहनों के विदेश में होने के कारण उसके परिजनों ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था। मृतक के परिजन गुरुवार सुबह शव लेने पहुंचे तो शव नहीं मिला। पोस्टमार्टम कर्मियों ने मोर्चरी में शव नहीं होने का दावा किया और कहा कि मृतक के परिजन तो शव को ले गए थे।
विज्ञापन


यह बात सुन परिजन भड़क गए और अस्पताल में हंगामा कर दिया। मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कर्मियों पर शव से अंग निकालकर बेचने का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ की और डॉक्टरों के कमरे, दरवाजे, कुर्सियां, टेबल, व्हील चेयर व वार्डों के शीशे तक तोड़ डाले। तोड़फोड़ शुरू होते ही चारों तरफ दहशत फैल गई। डॉक्टर और मरीज इधर-उधर भागने लगे। इमरजेंसी सहित सभी सेवाओं को कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया।

विज्ञापन


हंगामे के बाद एडीसीपी रूपिंदर कौर सरां भारी पुलिस बल समेत मौके पर पहुंचीं और स्थिति पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। पुलिस से बातचीत के दौरान सलेम टाबरी के मोहल्ला पीरू बंदा निवासी राकेश सूद ने बताया कि उनके बेटे आयुष सूद (25) की एक जनवरी को बीमारी से मौत हो गई थी। आयुष की बहनें विदेश में होने की वजह से शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया था। गुरुवार को अंतिम संस्कार के लिए वे शव लेने अस्पताल पहुंचे तो मोर्चरी से शव गायब था। अस्पताल के स्टाफ ने कहा कि शव तो कोई और ले गया। परिजनों ने आशंका जताई कि आयुष के अंग निकालकर बेचे गए और मामले को दबाने के लिए शव को खुर्द बुर्द किया गया। दूसरी तरफ पुलिस की प्राथमिक जांच के दौरान मनीष और आयुष नाम के लड़कों के शव बदली होने की बात सामने आई। आयुष का परिवार अपने बेटे का शव मांग रहा था, जबकि मनीष का परिवार शव का अंतिम संस्कार कर चुका था। ऐसे में पुलिस अधिकारी आयुष के परिवार को मनाने में जुटे थे।

विज्ञापन

शव बदली होने की वजह जानने में जुटी पुलिस
आमतौर पर मोर्चरी में रखे शव की पहचान के लिए माथे पर चौड़ी टेप लगाकर नाम और अन्य जानकारी लिखी जाती है। अब सवाल यह उठता है कि अस्पताल के स्टाफ ने बिना नाम देखे शव को किसी और के सुपुर्द कैसे कर दिया। अगर किसी कर्मचारी से शव को सुपुर्द करते समय गलती हुई तो शव लेने वालों ने मृतक का चेहरा क्यों नहीं देखा और बिना चेहरा देखे शव का अंतिम संस्कार कर दिया। यही कारण है कि आयुष का परिवार गलती से शव बदली होने की बात मानने को तैयार नहीं था। पुलिस मामले की गहन जांच और शव बदली होने की वजह जानने में जुटी थी।

हंगामे के बाद हड़ताल पर गए डॉक्टर
सिविल अस्पताल में तोड़फोड़ के दौरान एक डॉक्टर से मारपीट भी हुई। इसके बाद सभी डॉक्टर अपना कामकाज ठप करके हड़ताल पर चले गए। इमरजेंसी, एमएलआर और ओपीडी सहित सभी सेवाएं बंद कर दी गई, जिससे मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें