फेसबुक पर शेयर बाजार में निवेश से मोटा मुनाफा कमाने का विज्ञापन देखकर उस पर भरोसा करना मंडी मुल्लांपुर निवासी एक व्यक्ति को बेहद महंगा पड़ गया।
कथित तौर पर ईटी मनी कंपनी के नाम पर शेयरों और आईपीओ में निवेश के लिए उससे अलग-अलग बैंक खातों में 73 लाख 25 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। रकम जमा होने के बाद न तो मूलधन वापस मिला और न ही वादा किया गया मुनाफा। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। साइबर क्राइम पुलिस ने जांच के बाद चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
साइबर क्राइम की इंचार्ज किरनदीप कौर व एएसआई जगरूप सिंह के अनुसार शिकायतकर्ता बलविंदर सिंह निवासी लिंक रोड, मंडी मुल्लांपुर ने शिकायत में बताया कि उसने फेसबुक पर शेयर मार्केट से संबंधित ईटी मनी कंपनी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के जरिए मोबाइल फोन पर उससे संपर्क किया गया और उसकी आईडी बनाकर कंपनी में अकाउंट खोल दिया गया।
इसके बाद कथित तौर पर कंपनी से जुड़े लोगों ने उसे शेयरों और आईपीओ में निवेश करने का झांसा दिया और अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने भरोसा करते हुए अलग-अलग किश्तों में कुल 73,25,000 रुपये बताए गए खातों में जमा करवा दिए।
पीड़ित के मुताबिक रकम निवेश करने के बाद जब उसने अपनी राशि और मुनाफे की मांग की तो उसे रकम वापस नहीं मिली। काफी समय तक इंतजार करने के बाद भी जब न मूलधन मिला और न कथित लाभ, तो उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत में बताए गए लेन-देन, बैंक खातों और अन्य तथ्यों की जांच की। जांच के आधार पर पुलिस ने विशाल भारद्वाज निवासी सीलावट गली, जीवागंज, मध्य प्रदेश, जमुना देवी निवासी बला फली, सीतापुर/जामबुड़ी, राजस्थान, चंपा बोईर निवासी रंगामेटिया, पश्चिमी बंगाल और अचला चोकिस निवासी मुंबई, महाराष्ट्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और साइबर अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 73.25 लाख रुपये किन-किन बैंक खातों में पहुंचे, रकम कहां ट्रांसफर हुई और इस नेटवर्क में आरोपियों के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं।