संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। लुधियाना में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के उप क्षेत्रीय कार्यालय ने वीरवार को जूनियर कॉमर्स इंटरनेशनल (जेसीआई) लुधियाना के साथ मिलकर एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया। ईएसआईसी के सहायक निदेशक अजीत कुमार सिंह और सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लेते हुए प्रतिभागियों को नियोक्ताओं व कर्मचारियों के पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए हाल ही में लागू की स्प्री योजना 2025 के बारे में अवगत करवाया और बताया कि यह योजना 1 जुलाई से शुरू हो चुकी है, जो 31 दिसंबर 2025 तक लागू रहेगी।
इस योजना के तहत यदि नियोक्ता अपनी इकाइयों और कर्मचारियों का पंजीकरण ईएसआईसी पोर्टल, श्रम सुविधा या एमसीए पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कराते हैं तो यह पंजीकरण घोषित की तिथि से मान्य माना जाएगा। वहीं पंजीकरण से पूर्व की अवधि के लिए ना तो निरीक्षण होगा और ना ही पुराने अभिलेखों की मांग की जाएगी। यह योजना पूर्वव्यापी दंड के डर को दूर करके पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाकर स्वैच्छिक अनुपालन को प्रोत्साहित करेगी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य अब तक अपंजीकृत प्रतिष्ठानों और श्रमिकों को ईएसआई की सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाना है।