-अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने हाईकोर्ट में दाखिल की याचिका
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने जिला परिषद और पंचायत ब्लॉक समिति चुनावों की मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की मांग को लेकर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। इस याचिका पर आज सुनवाई होने वाली है।
याचिका में राजा वड़िंग ने तर्क दिया कि यह जनहित याचिका पंजाब राज्य में जिला परिषद चुनावों की शुद्धता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता की रक्षा के लिए दाखिल की गई है। उनका कहना है कि चुनाव की मतगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और निर्णायक चरण है, जो परिणाम घोषित होने तक जारी रहता है। इसके बावजूद, जिला परिषद चुनावों की मतगणना प्रक्रिया बिना किसी वीडियोग्राफी के की जाती है, जिससे चुनाव के इस संवेदनशील चरण का कोई वस्तुनिष्ठ और सत्यापन योग्य रिकार्ड नहीं रहता।
राजा वड़िंग ने याचिका में यह भी कहा कि यदि मतगणना की वीडियोग्राफी नहीं की जाती तो पूरी प्रक्रिया अपारदर्शी हो जाती है और उसमें हेरफेर और मनमानी की आशंका बनी रहती है। इसका असर न केवल चुनाव प्रक्रिया पर पड़ता है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में आम जनता का विश्वास भी कमजोर हो जाता है।
वीडियोग्राफिक रिकॉर्ड को सुरक्षित रखा जाए
याचिका में यह दलील दी गई है कि मतगणना की वीडियोग्राफी एक न्यूनतम और सांविधानिक सुरक्षा उपाय है, जो न तो चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप करता है और न ही मतपत्र की गोपनीयता का उल्लंघन करता है। इसके विपरीत यह जिम्मेदारी बढ़ाने, कदाचार को रोकने और चुनाव के बाद उत्पन्न होने वाले विवादों को कम करने में मददगार साबित हो सकती है। राजा वड़िंग ने यह स्पष्ट किया है कि वे किसी चुनाव परिणाम को चुनौती नहीं दे रहे बल्कि केवल निवारक और संस्थागत सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं। उन्होंने अपील की है कि मतगणना की वीडियोग्राफी अनिवार्य की जाए और वीडियोग्राफिक रिकॉर्ड को निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखा जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर न्यायिक या वैधानिक जांच के लिए उपलब्ध कराया जा सके।